कांगड़ा। महिलाओं के साथ छेड़छाड़ और अभद्रता के मामले लगातार सामने आते रहते हैं। हालात ऐसे हैं कि सवाल सिर्फ घर की चारदीवारी तक सीमित नहीं रहा- महिलाएं घर से बाहर निकलें तो रास्ते में भी उनकी सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। सार्वजनिक परिवहन में सफर करने वाली महिलाएं भी अब खुद को पूरी तरह सुरक्षित महसूस नहीं कर पा रही हैं। हिमाचल के कांगड़ा जिले से सामने आया ताजा मामला इसी चिंता को और गहरा करता है।
चलती बस में महिला संग छेड़छाड़
दरअसल, पुलिस थाना मझीन के तहत नादौन जा रही एक चलती बस में एक महिला से कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। महिला की शिकायत के बाद पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल विधानसभा में उठेगा मंजू शर्मा मौ*त मामला- डॉक्टरों पर आरोप, विपक्ष के निशाने पर सरकार
भीड़भाड़ वाली बस में महिला से अभद्रता
पुलिस को दी शिकायत में सलोचना देवी ने बताया कि वह नादौन जाने के लिए बस में सफर कर रही थीं। बस में काफी भीड़ थी। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने भीड़ का फायदा उठाकर उनके साथ कथित तौर पर अभद्र और अश्लील हरकतें कीं और अनुचित तरीके से छुआ। महिला ने जब इसका विरोध किया और आरोपी को पकड़ने की कोशिश की तो वह चलती बस से अचानक कूदकर फरार हो गया।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी की पहचान करने और उसे पकड़ने के लिए जानकारी जुटा रही है। मामले की पुष्टि एएसपी देहरा नवदीप सिंह ने की है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में मानसून का रौद्र रूप: सड़कें बनीं दरिया- हवा में लटक गया रेल ट्रैक, अगले 4 दिन अलर्ट
पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।चलती बस में हुई इस घटना ने एक बार फिर सार्वजनिक जगहों पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
