मंडी। हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत STF (स्पेशल टास्क फोर्स) कुल्लू की टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। यहां पर पुलिस ने चरस के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है।
वॉल्वो बस को जांच के लिए रोका
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला मंडी के पास बिंद्राबनी फोरलेन का है। यहां पर बीते कल पुलिस टीम ने नाकाबंदी कर रखी थी। जहां हर गुजरने वाले वाहन की सख्ती से जांच की जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही एक वॉल्वो बस (नंबर DD10Y-9603) को रोका गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: मंदिर के सामने ही खोल दिया ठेका- तेज बारिश में सड़कों पर उतरे लोग, किया जमकर विरोध
पुलिस को देख घबराया युवक
पुलिस ने बस में सवार सभी यात्रियों की बारीकी से तलाशी ली। इस दौरान एक युवक पुलिस को देखकर संदिग्ध हरकतें करने लगा। उसकी गतिविधियों पर शक होने पर पुलिस ने उसे अलग से जांच के लिए रोका। जब युवक की गहन तलाशी ली गई, तो उसके पास से करीब 890 ग्राम चरस बरामद हुई।
आरोपी की पहचान
आरोपी की पहचान 27 वर्षीय शक्ति शर्मा के रूप में हुई है, जो जिला बिलासपुर की घुमारवीं तहसील के गांव हरीताल्यांगर का रहने वाला है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, वह इस बस में सवार होकर चंडीगढ़ की ओर जा रहा था और शक जताया जा रहा है कि वह इस नशीले पदार्थ को वहां सप्लाई करने की फिराक में था।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में बड़ा बदलाव : खत्म होने जा रहा मनरेगा, अगले महीने से नया सिस्टम लागू
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया और बरामद चरस को कब्जे में ले लिया। इसके बाद आरोपी के खिलाफ पुलिस चौकी पण्डोह में NDPS एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस कर रही मामले की गहन पूछताछ
सूत्रों के अनुसार, STF अब इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि आरोपी यह चरस कहां से लेकर आया था, इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कहीं आरोपी किसी बड़े नशा तस्करी नेटवर्क का हिस्सा तो नहीं है।
