मंडी। हिमाचल प्रदेश में नशे का काला कारोबार बढ़ाता जा रहा है, जो बेहद चिंता का विषय है। आए दिन पुलिस नशा तस्करों पर शिकंजा कसते हुए बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद कर रही है। ताजा मामला जिला मंडी से सामने आया है। यहां बस्सी पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक वाहन से 500 ग्राम चरस बरामद की है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
भराड़ू के पास पुलिस ने रोकी गाड़ी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला मंडी के 33 केवी भराड़ू से सामने आया है। यहां पर पुलिस नशे के खिलाफ गश्त कर रही थी। आवाजाही वाले सभी वाहनों की नियमित चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान नौहली की तरफ से भराड़ू की ओर आ रही गाड़ी नंबर HP33G-0618 को पुलिस ने जांच के लिए रोका।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में मुफ्त इलाज पर संकट: हिमकेयर-आयुष्मान कार्ड बंद, मरीजों की जेब हो रही खाली
तलाशी लेने पर मिली 500 ग्राम चरस
गाड़ी की तलाशी के दौरान पुलिस को 500 ग्राम चरस मिली। इसके बाद पुलिस ने गाड़ी के चालक लाल सिंह निवासी तहसील पधर, मंडी और भीम सिंह निवासी तहसील पधर, मंडी को गिरफ्तार कर लिया।
NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ जोगिंद्रनगर थाने में NDPS एक्ट की धारा 20, 25 और 29 के तहत मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को अब न्यायालय के सामने पेश किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- मेजर मनकोटिया की सैन्य सम्मान के साथ होगी अंतिम विदाई : बेटा-बेटी विदेश में, हो रहा इंतजार
चरस कहां से आई, पुलिस कर रही जांच
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों के पास चरस कहां से आई थी और इसे कहां ले जाया जा रहा था। इसके अलावा नशे के इस कारोबार से जुड़े दूसरे लोगों की भूमिका भी जांची जा रही है। पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है।
