मंडी। हिमाचल प्रदेश में बढ़ते चिट्टा तस्करी के मामलों में पुलिस को लगातार सफलता मिल रही है। नशे के खिलाफ चलाए अभियान में पुलिस अब तक कई नशा तस्करों को सलाखों के पीछे पहुंचा चुकी है। इसी कड़ी में अब हिमाचल के मंडी जिला पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। 50 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़े गए आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चिट्टे के मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार किया है।
अमृतसर से पकड़ा चिट्टे का मुख्य सप्लायर
मंडी पुलिस पंजाब के एक बड़े चिट्टा सप्लायर को उठाकर हिमाचल ले आई है। औट थाना में दर्ज हुए 50 ग्राम चिट्टा मामले में पुलिस ने पंजाब के अमृतसर से यह दूसरी बड़ी गिरफ्तारी की है। आरोपी को आज कोर्ट में पेश किया गया है। जहां से रिमांड पर लेकर अब आरोपी से पूछताछ की जाएगी। पुलिस को उम्मीद है कि इस मामले में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : थैले में चरस ले जा रहा था तस्कर, बीच रास्ते पुलिस से हुआ सामना- पहुंचा सलाखों के पीछे
50 ग्राम चिट्टा मामले में दूसरी गिरफ्तारी
दरअसल मंडी जिला के औट पुलिस थाना ने कुल्लू के संदीप को 50 ग्राम चिट्टे की खेप के साथ गिरफ्तार किया था। संदीप कुल्लू जिला का रहने वाला है और वह अमृतसर से 50 ग्राम चिट्टे की खेप लेकर हिमाचल आया था। जिसे औट पुलिस थाना की टीम ने नाके पर गिरफ्तार किया था। पुलिस ने संदीप को कोर्ट में पेश किया और चार दिन के रिमांड पर लिया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में शराबी टूरिस्ट की दबंगई- एंबुलेंस का रास्ता रोका, सायरन बजाता रहा ड्राइवर; कटा हजारों का चालान
नशा तस्कर ने बताया था मुख्य सप्लायर का नाम पता
पुलिस रिमांड में संदीप ने अमृतसर से चिट्टा लेकर आने की बात कबूली। जिसके बाद पुलिस ने संदीप के बयान और उसकी निशानदेही के आधार पर औट पुलिस की एक टीम पंजाब के अमृतसर पहुंची और वहां से चिट्टे के मुख्य सप्लायर 45 वर्षीय तेजेंद्र उर्फ सोनू निवासी अमृतसर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में आधी रात को एक्शन मोड़ पर आए SP, 22 ओवरलोड डंपर किए जब्त- काटे मोटे चालान
रिमांड पर पुलिस तेजेंद्र से पूछताछ करेगी और यह पता लगाने का प्रयास करेगी कि आरोपी हिमाचल में और कहां कहां चिट्टे की सप्लाई करता था। पुलिस इस पूरे नेटवर्क को तोड़ने का प्रयास करेगी। मामले की पुष्टि करते हुए औट पुलिस थाना के प्रभारी कर्ण ने बताया कि संदीप न्यायिक हिरासत पर है और तेजेंद्र को पुलिस रिमांड पर रखा है। आरोपियों से पूछताछ जारी है।
