#अपराध
June 6, 2025
हिमाचल में आधी रात को एक्शन मोड़ पर आए SP, 22 ओवरलोड डंपर किए जब्त- काटे मोटे चालान
हिमाचल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: रातभर चला यह अभियान
शेयर करें:
सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर ज़िले में अवैध खनन और ओवरलोडिंग पर लगाम कसने के लिए पुलिस प्रशासन ने एक सख्त रुख अपनाया है। पुलिस अधीक्षक निश्चिंत सिंह नेगी के नेतृत्व में बीती रात पांवटा साहिब क्षेत्र में एक बड़ा अभियान चलाया गया, जिसके तहत खनन सामग्री से लदे 22 डंपर व टिपर जब्त किए गए।
5 घंटे चला अभियान
इस अभियान की शुरुआत बीती वीरवार रात करीब 10 बजे हुई और यह आज शुक्रवार तड़के सुबह 3 बजे तक चला। अभियान के दौरान हरियाणा से पांवटा साहिब स्थित क्रशरों पर चलने वाले 100 से अधिक डंपरों की जांच की गई, जिनमें से 21 वाहनों को मोटर व्हीकल एक्ट की धाराओं 194 और 207 के अंतर्गत पकड़ा गया, जबकि एक वाहन को खनन अधिनियम के उल्लंघन के चलते जब्त किया गया।
क्यों हुआ ये अभियान?
पांवटा साहिब में लंबे समय से ओवरलोडिड ट्रकों की आवाजाही को लेकर स्थानीय लोग शिकायत कर रहे थे। अवैध खनन और ओवरलोडिंग के कारण जहां सड़कें क्षतिग्रस्त हो रही थीं, वहीं आम जनता की सुरक्षा पर भी खतरा मंडरा रहा था। इस विषय को लेकर उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने भी अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि क्षेत्र में हो रहे ऐसे अवैध कार्यों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं।
पुलिस अधीक्षक स्वयं मैदान में उतरे
इन आदेशों के बाद एसपी निश्चिंत सिंह नेगी ने स्वयं मोर्चा संभाला और अभियान की निगरानी की। इस कार्रवाई में डीएसपी नाहन रमाकांत ठाकुर और थाना प्रभारी पांवटा साहिब देवी सिंह भी शामिल रहे। पुलिस ने पूरे क्षेत्र में यातायात चेकिंग लगाकर आने-जाने वाले डंपरों को रोका और उनकी जांच की।
जनता ने की सराहना
स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई का स्वागत किया है। लोगों का कहना है कि इससे क्षेत्र में अवैध खनन और ओवरलोडिंग की प्रवृत्ति पर निश्चित रूप से लगाम लगेगी और आम जनजीवन को राहत मिलेगी।
एसपी का कड़ा संदेश
एसपी नेगी ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस तरह की निगरानी जारी रहेगी और अवैध गतिविधियों में लिप्त पाए जाने वाले वाहनों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस की नजर अब खनन क्षेत्र में चल रही हर गतिविधि पर है और किसी को भी नियमों की अवहेलना करने की छूट नहीं दी जाएगी।