कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला के जवाली क्षेत्र में दो युवकों की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। 11 जुलाई को जवाली के देहरी गांव में एक युवक का शव खंडहरनुमा शेड से बरामद हुआ था, जबकि दूसरा युवक बेहोशी की हालत में मिला था, जिसकी बाद में मौत हो गई। जांच के दौरान सामने आया कि दोनों युवकों ने चिट्टे (हेरोइन) का इंजेक्शन लगाया था। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
सीसीटीवी फुटेज बनी सबसे बड़ी कड़ी
मामले की जांच उस समय नई दिशा में पहुंची जब मृतक साहिल मिन्हास की माता ने पुलिस को बताया कि उसका बेटा किसी के फोन पर घर से निकला था और वापस नहीं लौटा। इसके बाद पुलिस ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में मृतक साहिल मिन्हास अपनी बाइक पर गांव के ही साहिल कुमार के साथ जाता हुआ दिखाई दिया। इसी आधार पर पुलिस ने साहिल कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर दिया।
यह भी पढ़ें : PM मोदी हिमाचलियों को देंगे बड़ा गिफ्ट- नए रेलवे स्टेशन का आज लोकार्पण, ट्रेन भी होगी रवाना
खंडहरनुमा शेड में लगा था चिट्टे का इंजेक्शन
पुलिस जांच में सामने आया कि देहरी गांव के एक खंडहरनुमा शेड में साहिल मिन्हास, सुनील कुमार उर्फ नोखा, साहिल कुमार और राकेश कुमार एकत्र हुए थे। यहां सुनील कुमार उर्फ नोखा अपने साथ चिट्टा लेकर आया था। आरोपी के अनुसार, साहिल मिन्हास की सहमति से उसे सिरिंज के माध्यम से चिट्टे का इंजेक्शन लगाया गया। इसके बाद सुनील कुमार उर्फ नोखा और साहिल कुमार ने भी नशे का इंजेक्शन लिया। नशा करने के बाद साहिल कुमार और राकेश कुमार दोनों युवकों को वहीं छोड़कर चले गए और किसी को इसकी जानकारी नहीं दी। कुछ समय बाद दोनों युवकों की हालत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में अगले पांच दिन तक खराब रहेगा मौसम, कई जिलों में भारी वर्षा का अलर्ट- रहें सावधान
दो आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजे गए
पुलिस ने इस मामले में जरोट निवासी साहिल कुमार और पनालथ निवासी राकेश कुमार को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। कोर्ट ने दोनों आरोपियों को 27 जुलाई तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस ने मौके से सिरिंज और मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं, जिन्हें जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है।
कॉल डिटेल भी खंगाल रही पुलिस
एएसपी नूरपुर धर्म चंद वर्मा ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है। मृतकों और आरोपियों के ब्लड सैंपल लिए गए हैं तथा कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) की भी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस हर पहलू को वैज्ञानिक तरीके से खंगाल रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि नशा कहां से आया तथा इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में भगवान भरोसे पढ़ाई...सरकारी शिक्षक अपनी सैलरी से रख रहे प्री-प्राइमरी टीचर
6 दिन में चार युवकों की नशे से मौत
जवाली की यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब प्रदेश में नशे की ओवरडोज से मौतों के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। बीते रोज यानी गुरुवार को भी दो अलग-अलग मामलों ने पूरे हिमाचल को झकझोर दिया था। पहले मामले में कांगड़ा जिला के जवाली क्षेत्र के एक युवक का शव मैदान में पड़ा मिला था। वहीं दूसरे मामले में सोलन जिला के बद्दी में एक युवक का शव कार के अंदर मिला। युवक के हाथ में सिरिंज भी बरामद हुई थी, जिससे ओवरडोज की आशंका जताई गई थी। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं प्रदेश में फैलते चिट्टे के कारोबार और युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : बेसहारा पशु से टकराई बाइक, दो युवकों की एक साथ मौ.त- सदमे में परिवार
युवाओं को निगल रहा चिट्टा
जवाली की डबल डेथ मिस्ट्री ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि चिट्टा केवल नशा नहीं बल्कि मौत का दूसरा नाम बनता जा रहा है। युवाओं की जान ले रहे इस जहर के खिलाफ पुलिस, प्रशासन और समाज को मिलकर सख्त कदम उठाने होंगे, अन्यथा आने वाले समय में ऐसे दर्दनाक मामलों की संख्या और बढ़ सकती है।
