कांगड़ा। पुलिस थाना हरिपुर के तहत आने वाले बिलासपुर गांव में एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के दोनों पैरों पर सांप के काटने जैसे निशान मिले हैं। हालांकि, उसकी मौत सांप के काटने से हुई है या किसी और वजह से, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रात को खाना खाकर सोने गया था, सुबह नहीं दिखा
जानकारी के अनुसार, मामला जिला कांगड़ा के हरिपुर के तहत आने वाले बिलासपुर गांव से सामने आया है। युवक दिहाड़ी-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। वह अपने पुश्तैनी घर में भाई के साथ रहता था। बताया जा रहा है कि 13 जुलाई की रात करीब साढ़े आठ बजे वह खाना खाने के बाद पुराने मकान की छत (स्थानीय भाषा में बौड़) पर सोने चला गया था।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : घर से 27 वर्षीय युवक संग चिट्टा बेच रही थी लड़की, पुलिस ने मारा छापा- दोनों अरेस्ट
बदबू आने पर भाभी ने देखा शव
अगले दिन जब मनमीत घर में कहीं दिखाई नहीं दिया तो परिवार के लोग उसे तलाशने लगे। इसी दौरान उसकी भाभी घर में सफाई कर रही थी, तभी उसे तेज बदबू महसूस हुई। जब वह बदबू का कारण देखने के लिए छत पर पहुंची तो वहां मनमीत का शव पड़ा हुआ था। यह देखकर उसके होश उड़ गए और उसने तुरंत परिवार के अन्य लोगों को इसकी जानकारी दी।
पैरों पर मिले सांप के काटने जैसे निशान
घटना की खबर मिलते ही गांव के लोग और पंचायत प्रधान मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने शव को नीचे उतारा। इस दौरान जब शव की जांच की गई तो मनमीत के दोनों पैरों पर सांप के काटने जैसे निशान दिखाई दिए। इसके बाद तुरंत पुलिस थाना हरिपुर को सूचना दी गई। मृतक की पहचान 42 वर्षीय मनमीत सिंह के रूप में हुई है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : घर से 27 वर्षीय युवक संग चिट्टा बेच रही थी लड़की, पुलिस ने मारा छापा- दोनों अरेस्ट
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी महिंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज किए और शव को कब्जे में लेकर देहरा अस्पताल भेज दिया। रातभर शव को शवगृह में रखने के बाद अब पोस्टमार्टम के लिए डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज, टांडा भेजा गया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
SPदेहरा संदीप धवल ने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि मौत सांप के काटने से हुई है या किसी अन्य कारण से। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आएगी।
यह भी पढ़ें- लो जी! फिर बंद होने जा रहे हैं HRTC के 48 रूट, हजारों यात्रियों की बढ़ेगी मुश्किलें
फॉरेंसिक टीम भी करेगी जांच
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम की भी मदद ली जाएगी। जांच के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि यह मामला सर्पदंश का है या इसके पीछे कोई और वजह है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।
