कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश में चोरी और लूटपाट की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। अब चोर सिर्फ बंद घरों को ही नहीं, बल्कि सड़कों पर चल रहे आम लोगों को भी अपना निशाना बना रहे हैं। ताजा मामला जिला कांगड़ा से सामने आया है, जहां सुबह-सुबह मंदिर जा रही एक महिला के गले से बाइक सवार दो युवकों ने सोने की चेन छीन ली।
महिला के पास रुके दो युवक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला कांगड़ा के बज्रेश्वरी मंदिर मार्ग का है। यहां पर आज सुबह बुधवार को महिला शांता गुलियानी जैसे ही मंदिर मार्ग पर पहुंचीं,तभी अचानक एक बाइक पर दो अज्ञात युवक उनके पास आकर रुके। बताया जा रहा है कि दोनों युवक पूरी तरह चेहरे ढके हुए नहीं थे, लेकिन उन्होंने वारदात को बहुत तेजी और योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में नहीं मिलेंगी दवाइयां : बंद रहेंगी मेडिकल शॉप, मरीजों को हो रही परेशानी
मुंह बंद कर गले से छीनी सोने की चेन
आरोप है कि युवकों ने महिला को कुछ पल के लिए रोककर उनका मुंह दबा दिया, जिससे वह घबरा गईं और शोर भी नहीं मचा सकीं। इसी दौरान दोनों बदमाशों ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली और तुरंत बाइक स्टार्ट कर मौके से फरार हो गए।
लोगों में मची अफरा-तफरी
घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोगों को भी तुरंत समझ नहीं आया कि क्या हुआ। कुछ ही सेकंड में आरोपी वहां से निकल गए और सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : 60 की उम्र में 30 KM साइकिल चला दुकान पहुंचते हैं रमेश, 40 साल से नहीं ली एक भी छुट्टी
चेन की कीमत साढ़े चार लाख रुपये
छीन गई चेन की कीमत बाजार में करीब साढ़े चार लाख रुपये बताई जा रही है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में काफी नाराजगी देखने को मिली है और लोगों ने सुबह के समय इस तरह की वारदात पर चिंता जताई है। खासकर मंदिर मार्ग जैसे धार्मिक और भीड़भाड़ वाले रास्ते पर इस तरह की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए तुरंत केस दर्ज कर लिया है। शुरुआती जांच में पुलिस को संदेह है कि इस वारदात को अंजाम देने वाले युवक पड़ोसी राज्य पंजाब से भी हो सकते हैं, हालांकि इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस को शक है कि यह आरोपी पंजाब के हो सकते है।
यह भी पढ़ें- सावधान हिमाचल! अगले दो दिन के लिए HEATWAVE का अलर्ट, जमकर पड़ेगी तेज गर्मी
बाइक पर नहीं थी नंबर प्लेट
पुलिस टीम ने आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। खासकर टोल प्लाजा और कांगड़ा बाजार क्षेत्र के कैमरों की जांच की जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान और उनकी बाइक के रूट का पता लगाया जा सके। यह भी सामने आया है कि जिस बाइक का इस्तेमाल किया गया, उस पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी, जिससे पुलिस को शुरुआती जांच में थोड़ी मुश्किलें आ रही हैं।
