हमीरपुर। देवभूमि कहे जाने वाले हिमाचल प्रदेश में अब अपराधिक घटनाएं हर सीमा लांघती हुई नजर आ रही हैं। प्रदेश के सबसे अधिक शिक्षित हमीरपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक कलयुगी बेटे ने अपनी ही मां की जान ले ली।

पैसों को लेकर हुआ विवाद

मिली जानकारी के अनुसार, हमीरपुर जिले के तहत आते यह घटना भोरंज उपमंडल के बैलग गांव की है। जहां 24 वर्षीय युवक और उसकी 48 वर्षीय मां सोमलता के बीच पैसों को लेकर विवाद हुआ। युवक ने हाल ही में एक नई गाड़ी खरीदी थी और वह इसके लिए मां से पैसों की मांग कर रहा था। जब मां ने पैसे देने से इनकार किया तो गुस्से में आकर बेटे ने खाना खाते समय ही घर में रखी प्रेस (इस्त्री) से वार कर मां की हत्या कर दी।

यह भी पढ़ें :भगवान विश्वकर्मा की पूजा का दिन आज, माने जाते हैं लंका और द्वारका के निर्माता, जानें शुभ मुहूर्त

जानबूझकर पड़ा था बेहोश

हत्या के बाद हत्यारे बेटे ने पुलिस और ग्रामीणों को गुमराह करने के लिए नाटक रचा। उसने दरवाजा बंद कर खुद को भी बेहोश दिखाने की कोशिश की और लोगों से कहा कि तीन-चार अज्ञात लोग घर में घुसे थे। उन्होंने उसे कुछ सुंघाकर बेहोश कर दिया और मां की हत्या कर फरार हो गए। इस बयान पर पुलिस ने टीमें गठित कर हत्यारों की तलाश भी शुरू कर दी।

सख्ती करने पर कबूला गुनाह

लेकिन देर शाम जांच के दौरान पुलिस को बेटे पर शक हुआ और उसे थाने ले जाकर पूछताछ की गई। पूछताछ में युवक हड़बड़ा गया और लगातार अपने बयान बदलता रहा। बुधवार सुबह एसपी हमीरपुर ने खुद थाने में पहुंचकर युवक से सख्ती से पूछताछ की, जिसके बाद उसने अपराध कबूल कर लिया। पुलिस ने बताया कि यह वारदात मंगलवार को हुई थी और बुधवार सुबह युवक को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी चंडीगढ़ में एक निजी कंपनी में नौकरी करता था।

यह भी पढ़ें :हिमाचल में बनने वाला है बल्क ड्रग पार्क, कच्चे माल के लिए अब चीन पर नहीं रहना होगा निर्भर

बेटे की करतूत से टूटा परिवार

मृतका का पति पूर्व सैनिक है और ऊना जिले में एक संस्थान में कार्यरत हैं। घटना के समय वे घर पर मौजूद नहीं थे। बेटे की इस करतूत से परिवार पूरी तरह टूट चुका है और पूरे क्षेत्र में इस जघन्य अपराध की चर्चा है।