कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के ज्वाली स्थित जल शक्ति विभाग के विश्राम गृह में बीती शुक्रवार रात को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। जिसने न केवल विभागीय अधिकारियों को, बल्कि आम जनता को भी स्तब्ध कर दिया। जानकारी के अनुसार, एक राजनीतिक दल से जुड़े कुछ युवाओं ने इस विश्राम गृह को देर रात पार्टी का अड्डा बना दिया।
महिलाएं भी थी शामिल!
जानकारी के अनुसार, पार्टी कार्यकर्ताओं ने बिना किसी अनुमति के भवन में घुसकर उन्होंने शराब पी, किचन में खुद से मीट पकाया और पूरी रात वहां जमकर हंगामा किया। बतौर सूत्र, रात को कुछ महिलाएं भी उनके साथ मौजूद थीं।
यह भी पढ़ें : SP शिमला का खुलासा : DGP स्टाफ ड्रग पैडलर से जुड़ा, बोले- मैं नौकरी छोड़ने के लिए भी तैयार
अगले दिन सुबह जब रेस्ट हाउस का चौकीदार अपनी ड्यूटी पर पहुंचा, तो चारों ओर फैली गंदगी, टूटी शराब की बोतलें, बिखरे हुए मीट के टुकड़े और आपत्तिजनक सामग्री देखकर उसके होश पाख्ता हो गए।
युवकों ने जबरन जमाया था डेरा
चौकीदार ने तुरंत इसकी जानकारी उच्च अधिकारियों को दी। अधिशाषी अभियंता अजय शर्मा स्वयं मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने साफ किया कि उस रात विश्राम गृह किसी के नाम पर आरक्षित नहीं था और युवकों ने जबरन वहां डेरा जमाया था।
यह भी पढ़ें : हिमाचली मुंडा- 11 साल की उम्र में किया नौकर का काम, आज पहचान का मोहताज नहीं
उन्होंने कहा कि यदि उस समय कोई परिवार वहां रुका होता, तो स्थिति बेहद असहज और असुरक्षित हो सकती थी। इस घटना को न केवल विभागीय संपत्ति का सरासर दुरुपयोग माना जा रहा है, बल्कि यह सामाजिक मूल्यों और मर्यादाओं का भी घोर अपमान है।
मंत्री ने दिए अधिकारियों को सख्त निर्देश
अधिशाषी अभियंता ने जांच का आश्वासन देते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी और विभागीय भवनों के इस प्रकार के दुरुपयोग को किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा। इस बीच, राज्य के कृषि मंत्री चंद्र कुमार ने भी इस पूरे मामले पर संज्ञान लिया है और अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि दोषियों को जल्द से जल्द चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
