सिरमौर। छह साल तक चले प्रेम संबंध का अंत आखिरकार हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में बेहद दर्दनाक तरीके से हुआ। शादी के लिए दबाव बना रही युवती को उसके प्रेमी ने बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया और पहचान छिपाने के लिए शव को जंगल में जलाने की कोशिश की। वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

मां की दवा और मेडिकल रिपोर्ट लेने निकली थी बाहर

जानकारी के अनुसार, हरियाणा की 31 वर्षीय अमनदीप कौर की हत्या मामले में पुलिस जांच में सामने आया है कि, युवती की हत्या उसके प्रेमी ने सुनियोजित तरीके से की और सबूत मिटाने के लिए शव को हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के जंगल में ले जाकर आग के हवाले कर दिया।

यह भी पढ़ें-  हिमाचल में 4 हजार से ज्यादा लोग लापता : महिलाओं-बच्चों का नहीं कोई सुराग; बढ़ रही संख्या

मामले में आरोपी संदीप को गिरफ्तार कर लिया गया है। अमनदीप कौर अंबाला के बराड़ा क्षेत्र की रहने वाली थी। वह घर से अपनी कैंसर पीड़ित मां की दवा और मेडिकल रिपोर्ट लेने निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी।

युवती को आरोपी के किराये के कमरे की ओर जाते देखा

परिजनों ने तलाश शुरू की और सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर युवती को आरोपी के किराये के कमरे की ओर जाते देखा गया। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया था। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने युवती को कमरे में बुलाकर कोल्ड ड्रिंक में जहर मिलाकर पिला दिया।

यह भी पढ़ें- सुक्खू सरकार की नई व्यवस्था : अब HP नंबर की गाड़ियों को भी देनी होगी ENTRY फीस, जानें कहां

मौत होने के बाद उसने शव को एक बड़े बैग में रखा और रेहड़ी के जरिए उसे सुनसान इलाके तक पहुंचाया। बाद में सिरमौर के जंगल में शव को जलाने की कोशिश की गई। हालांकि जंगल में आग लगने की सूचना मिलने पर मामला सामने आ गया। बताया जा रहा है कि शव करीब 95 फीसदी तक जल चुका था।

युवती आरोपी पर शादी का दबाव बना रही थी

सीसीटीवी फुटेज में आरोपी बैग ले जाते हुए दिखाई दिया, जिसके बाद पुलिस ने जांच तेज की। आरोप है कि युवती आरोपी पर शादी का दबाव बना रही थी और इसी वजह से उसने पूरी साजिश रची। दोनों पिछले करीब छः साल से एक-दूसरे के संपर्क में थे। पुलिस ने आरोपी को बाता पुल के पास से गिरफ्तार किया। डीएसपी सुरेश कौशिक का कहना है कि, मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें