हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश में बच्चियों, युवतियों और महिलाओं के साथ बढ़ रहे शारीरिक उत्पीड़न के मामले चिंता का विषय बनते जा रहे हैं। प्रदेश में लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। इसी बीच अब एक और शर्मनाक मामला जिला हमीरपुर से सामने आया है। यहां एक 45 वर्षीय महिला के साथ दुष्कर्म का आरोप लगा है।
महिला थाना हमीरपुर में दर्ज हुई शिकायत
जानकारी के अनुसार यह मामला महिला थाना हमीरपुर के अंतर्गत आने वाले एक गांव का बताया जा रहा है। पीड़िता के पिता ने पुलिस थाना में पहुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत में परिजनों ने बताया कि पीड़िता की शादी साल 2000 में हुई थी। महिला और उसका बेटा मानसिक रूप से परेशान बताए जा रहे हैं। इसी स्थिति का फायदा उठाकर आरोपी द्वारा महिला को अपने झांसे में लेने का आरोप लगाया गया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल से चरस लेने आए थे चार राजस्थानी दोस्त, पुलिस के हत्थे चढ़े- पहुंचे जेल
छह महीने से शोषण करने का आरोप
पीड़िता के पिता पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपी पिछले करीब छह महीने से महिला को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाता था। आरोप है कि आरोपी महिला को शराब पिलाकर उसका शारीरिक शोषण करता रहा। परिवार को इस बात की जानकारी तब हुई जब महिला की हालत को लेकर उन्हें शक हुआ और बाद में महिला ने अपने साथ हुई पूरी घटना के बारे में परिजनों को बताया।
सड़क किनारे मिली थी महिला
पीड़िता के पिता के अनुसार, कुछ महीने पहले महिला राष्ट्रीय राजमार्ग के पास बेहद खराब हालत में मिली थी। ग्रामीणों ने उसे देखा और उसकी मदद करते हुए सुरक्षित घर पहुंचाया। बताया गया कि उस समय महिला काफी परेशान हालत में थी और उसके शरीर से शराब व उल्टी की दुर्गंध आ रही थी। ग्रामीणों ने इंसानियत दिखाते हुए उसे परिवार तक पहुंचाया, लेकिन कुछ समय बाद महिला फिर से मायके से लापता हो गई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : रसोईघर में काम कर रही 31 वर्षीय महिला को सांप ने डसा- निकले प्राण
17 जून को निकली थी घर से
परिजनों के अनुसार, बीती 17 जून को महिला अपने मायके से ससुराल जाने के लिए निकली थी, लेकिन वह वहां नहीं पहुंची। परिवार वालों ने उसकी तलाश शुरू की। करीब एक हफ्ते बाद 24 जून को गांव की कुछ महिलाओं ने महिला को सड़क किनारे अकेली हालत में देखा। इसके बाद उन्होंने परिवार को सूचना दी और महिला को घर पहुंचाया गया।
महिला ने परिवार को सुनाई पूरी आपबीती
घर पहुंचने के बाद महिला ने अपने परिवार वालों को पूरी घटना बताई। महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी उसे एक श्मशानघाट के पास बने शेड में रखता था। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की और आरोपी को हिरासत में लिया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : शॉर्ट सर्किट के बाद फटे गैस सिलेंडर, कुछ ही पल में राख हुआ सरकारी स्कूल
आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है और सभी तथ्यों को जुटाया जा रहा है। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल करवाया है। हमीरपुर के पुलिस अधीक्षक बलवीर सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शिकायत मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
