हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश में बच्चियों, युवतियों, महिलाओं के साथ यौन उत्पीड़न के मामले बढ़ते जा रहे है। ताजा मामला जिला हमीरपुर से सामने आया है। यहां पर एक युवक ने युवती की अश्लील वीडियो बनाकर अपने रिश्तेदारों के मोबाइल फोन में शेयर कर दिया। जिसके बाद से युवती मानसिक रूप से बेहद परेशान है। 

रिश्तेदारों को भेजी युवती की अश्लील विडियो 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंडी के सरकाघाट क्षेत्र की रहने वाली 26 वर्षीय युवती ने ऑनलाइन CCTNS पोर्टल के जरिए पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत में युवती ने बताया कि हमीरपुर जिले के बड़सर क्षेत्र के रहने वाले एक युवक ने उसका अश्लील वीडियो बनाया था। बाद में आरोपी ने वह वीडियो अपने रिश्तेदारों और अन्य लोगों को भेजना शुरू कर दिया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: बाइक सवार को रौंद कर फरार हुआ कार चालक, सड़क पर ही थम गई युवक की सांसें 

कई लोगों को दिखाई वीडियो

पीड़िता का आरोप है कि आरोपी सिर्फ वीडियो शेयर ही नहीं कर रहा, बल्कि कई लोगों को वीडियो दिखाकर उसकी बदनामी करने की कोशिश भी कर रहा है। इस घटना के बाद युवती मानसिक तनाव और डर के माहौल में जीने को मजबूर हो गई है।

आरोपी के खिलाफ पहले भी दुष्कर्म का मामला दर्ज

युवती ने यह भी बताया कि उसने पहले ही आरोपी युवक के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज करवाया हुआ है। अब आरोपी पक्ष उस केस को वापस लेने के लिए उस पर लगातार दबाव बना रहा है। पीड़िता का कहना है कि वीडियो वायरल करने और लोगों को दिखाने के पीछे भी यही मकसद है ताकि वह डरकर मामला वापस ले ले।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: 150 फीट गहरी खाई में गिरा कार, युवती ने तोड़ा दम; चार घायल- सभी एक ही परिवार के सदस्य

आरोपी की बहन फैला रही बदनामी 

इतना ही नहीं, युवती ने आरोपी की बहन पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता के मुताबिक आरोपी की बहन ने अपने कार्यस्थल पर कई लोगों को यह वीडियो दिखाया, जिससे उसकी सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचा है।

पुलिस कर रही मामले की जांच  

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस साइबर एंगल से भी मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वीडियो किन-किन लोगों को भेजा गया और किस तरह से इसे फैलाया गया।