चंबा। चंबा में छह वर्षीय बच्चे के रावी नदी में लापता होने के मामले में पुलिस जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, घटना की परतें खुलती जा रही हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपी पिता हितेश कुमार ने कथित तौर पर बताया है कि पत्नी के साथ विवाद के दौरान वह बेहद गुस्से में था। उसका आरोप है कि पत्नी दूसरे बेटे को भी अपने साथ ले जाने की बात कह रही थी। इसी विवाद के बाद वह अपने छह वर्षीय बेटे को लेकर परेल पुल के पास पहुंचा और उसे रावी नदी में फेंक दिया।
पत्नी से फोन पर विवाद के बाद बेटे को लेकर निकला
जानकारी के अनुसार, आरोपी ने यह भी बताया कि घटना के बाद उसने अपने कमरे में रखी डायरी में इस घटना का उल्लेख किया था। जांच के दौरान पुलिस ने उसके क्वार्टर से डायरी बरामद कर ली है। पुलिस अब इस डायरी में लिखी बातों और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि घटना से पहले उसकी पत्नी के साथ फोन पर विवाद चल रहा था।
यह भी पढ़ें- 12 साल बाद भाई जमलू देवता से मिलने पहुंचे राजा घेपन, 272 KM पैदल चली देव यात्रा
उसकी पत्नी अपने छोटे बेटे के साथ मायके में रह रही थी। कथित तौर पर बातचीत के दौरान पत्नी ने दूसरे बेटे को भी अपने साथ ले जाने की बात कही। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर हितेश अपने छह वर्षीय बेटे को लेकर घर से निकल गया। वह बच्चे को लेकर परेल पुल के पास पहुंचा और कथित तौर पर उसे रावी नदी में फेंक दिया। इसके बाद उसने अपनी पत्नी को फोन कर बताया कि अब वह बड़े बेटे को अपने साथ नहीं ले जा सकेगी। फोन पर दोनों के बीच काफी देर तक बहस होने की बात भी सामने आई है।
खुद भी नदी में कूदने की कोशिश का दावा
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि बच्चे को नदी में फेंकने के बाद उसे अपनी गलती का एहसास हुआ। उसने नदी में छलांग लगाने का प्रयास किया, लेकिन वह ऐसा करने की हिम्मत नहीं जुटा पाया। इसके बाद वह अपने क्वार्टर लौट गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने कमरे में रखी डायरी में घटना से संबंधित बात लिखी। जांच के दौरान पुलिस ने इस डायरी को कब्जे में ले लिया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल की मंडी में 43 लाख का खेल : दिल्ली का व्यापारी सेब लेकर फरार, बागवानों की पेमेंट फंसी
अगली सुबह भी आरोपी कथित तौर पर उसी स्थान पर पहुंचा। उसका कहना था कि वह वहां से नदी में छलांग लगाकर अपनी जान दे देगा, लेकिन दूसरी बार भी वह ऐसा नहीं कर पाया। पुलिस के मुताबिक, नदी के पास से लौटने के बाद आरोपी ने अपनी बहन को फोन किया और कथित तौर पर कहा कि उससे बहुत बड़ी गलती हो गई है। इसके बाद उसने पुलिस से संपर्क कर पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस ने आरोपी के फोन कॉल से संबंधित जानकारी भी जुटाई है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में फिर बिगड़ेगा मौसम- 5 दिन बारिश का दौर; कल 3 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
इसके साथ ही क्वार्टर से बरामद डायरी को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है। पुलिस अब इन साक्ष्यों का घटना के अन्य तथ्यों से मिलान कर रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बुधवार को फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल और आरोपी के क्वार्टर का निरीक्षण किया। टीम ने मौके से संबंधित जरूरी साक्ष्यों को देखा और जांच में शामिल किया। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना किन परिस्थितियों में हुई और आरोपी के बयान में बताए गए तथ्यों की स्वतंत्र साक्ष्यों से कितनी पुष्टि होती है।
रावी में बच्चे की तलाश जारी, तेज बहाव बना चुनौती
पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में खुद बताया है कि बच्चे को नदी में फेंकने के बाद उसने दो बार नदी में कूदने का प्रयास किया, लेकिन ऐसा नहीं कर पाया। इसके बाद उसने पुलिस को घटना की जानकारी देने का निर्णय लिया। घटना के बाद छह वर्षीय बच्चे की तलाश के लिए पुलिस, एनडीआरएफ और स्थानीय ग्रामीणों ने बुधवार को संयुक्त अभियान चलाया।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में हर महीने 68 लोग गंवा रहे जा..न- विवाद, बीमारी और शादी बनी वजह
रावी नदी का जलस्तर बढ़ा होने और बहाव तेज होने के कारण बचाव दल को तलाशी अभियान में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। टीमों ने नदी के किनारे और संभावित स्थानों पर बच्चे की तलाश की। ग्रामीणों ने भी बचाव दल के साथ अभियान में सहयोग किया। हालांकि देर शाम तक बच्चे का कोई सुराग नहीं मिल पाया। अंधेरा होने के बाद तलाशी अभियान रोकना पड़ा। अब नदी की स्थिति और मौसम को देखते हुए गुरुवार सुबह फिर से सर्च ऑपरेशन शुरू करने की तैयारी है।
आरोपी को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा
छह वर्षीय बेटे को रावी नदी में फेंकने के आरोप में गिरफ्तार हितेश कुमार को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर पूछताछ करेगी।
जांच एजेंसी आरोपी के बयान, कॉल डिटेल, डायरी में दर्ज कथित नोट और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को आपस में जोड़कर पूरे घटनाक्रम की पुष्टि करने में जुटी है। आरोपी हितेश कुमार पुत्र जयपाल, गांव डभूंई, डाकघर कियाणी का रहने वाला है। पुलिस मामले में हर संभावित पहलू की जांच कर रही है और बच्चे की तलाश के लिए बचाव अभियान भी जारी है।
