चंबा। हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस और STF की टीमें जगह-जगह गश्त और नाकाबंदी कर नशा तस्करों पर नजर रख रही हैं। इसी कड़ी में अब जिला चंबा से सामने आया है। यहां पर पुलिस ने ढेर सारे नशे के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। 

तीसा पुल के पास संदिग्ध हालत में दिखा युवक

जानकारी के अनुसार, मामला जिला चंबा से चुराह के तीसा पुल से सामने आया है। यहां STF नॉर्थ रेंज कांगड़ा (धर्मशाला) की टीम शुक्रवार शाम को क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इस दौरान करीब साढ़े सात बजे पुलिस टीम तीसा-चंबा मुख्य मार्ग पर तीसा पुल के पास मौजूद थी। तभी वहां से गुजर रहा एक युवक पुलिस को संदिग्ध लगा। पुलिस टीम को सामने देखकर युवक घबरा गया और वहां से निकलने की कोशिश करने लगा।

 

यह भी पढ़ें : 16 वर्षीय बेटी ने मां-बाप के खिलाफ थाने में दर्ज करवाई शिकायत, घर लौटते अचानक हुई लापता

तलाशी लेने पर मिली 765 ग्राम चरस

युवक की हरकतों को देखते हुए STF की टीम ने उसे मौके पर ही रोक लिया। इसके बाद जब उसकी तलाशी ली गई तो उसके कब्जे से 765 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत चरस को अपने कब्जे में लेकर युवक को गिरफ्तार कर लिया।

चुराह का रहने वाला है आरोपी

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार युवक की पहचान 36 वर्षीय हरि लाल पुत्र दुर्गा निवासी गांव कंडोग, डाकघर जुंगरा, तहसील चुराह, जिला चंबा के रूप में हुई है। STF ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच STF पुलिस थाना नॉर्थ रेंज कांगड़ा (धर्मशाला) में की जा रही है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में 10वीं पास युवाओं के लिए सुनहरा मौका, 350 पदों पर होगी भर्ती- जानें पूरी डिटेल

कुछ समय पहले भी पकड़ी थी 9 किलो से ज्यादा चरस

गौरतलब है कि STF ने कुछ समय पहले भी इसी तीसा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की थी। उस दौरान टीम ने 9 किलोग्राम से अधिक चरस बरामद की थी। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों के बाद STF ने चुराह और तीसा क्षेत्र में नशा तस्करों पर निगरानी और बढ़ा दी है।

नशा तस्करों पर STF की नजर

STF की टीमें क्षेत्र में लगातार गश्त कर रही हैं और संदिग्ध लोगों पर नजर रख रही हैं। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार को रोकने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। साथ ही नशा तस्करी से जुड़े लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।