कांगड़ा। देवभूमि हिमाचल प्रदेश में महिलाओं के प्रति हिंसा के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे। आए दिन यौन शोषण, दहेज, उत्पीड़न और मारपीट आदि तमाम तरह के मामले सामने आते रहते हैं। इसी कड़ी में अब ताजा मामला जिला कांगड़ा में पेश आया है। यहां एक महिला के साथ उसके देवर द्वारा कथित रूप से बेरहमी से मारपीट कर उसे लहूलुहान कर दिया है।
पारिवारिक विवाद ने लिया गंभीर मोड़
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला कांगड़ा जिला के अंतर्गत पुलिस थाना फतेहपुर की सीमा में आने वाले गांव स्थाना में एक गंभीर मारपीट का मामला सामने आया है। गांव स्थाना निवासी सीमा देवी, पत्नी मोहिन्द्र सिंह, ने आरोप लगाया है कि उनके साथ उनके देवर राम कृष्ण द्वारा मारपीट की गई। घटना को लेकर पीड़िता ने स्थानीय पुलिस को शिकायत दी है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के ट्रक चालक ने कुचल दिया नसरूद्धीन, घर पर इंतजार कर रहे थे दो मासूम
अस्पताल में उपचार जारी
आरोप है कि महिला के देवर ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पीड़िता गंभीर रूप से घायल हालत में दिखाई दे रही है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि महिला के सिर से खून बह रहा है और वह काफी दर्द में है।
सिर पर मारने से महिला लहूलुहान
मारपीट के दौरान सीमा देवी के सिर पर गहरी चोटें आईं, जिससे वह लहूलुहान हो गईं। घटना के बाद परिजनों ने बिना देर किए उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार समय पर उपचार मिलने से उनकी हालत में अब धीरे-धीरे सुधार हो रहा है, सावधानी के तौर पर डॉक्टर अभी भी उनकी हालत पर नजर बनाए हुए हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल की MBA पास युवती कर रही थी चिट्टा सप्लाई, पंजाब से लाई थी बड़ी खेप; होटल में पकड़ी
स्थानीय लोगों ने की निष्पक्ष कार्रवाई की मांग
स्थानीय समाजसेवी संगठनों और गांव के लोगों ने इस मामले में सख्त और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि महिलाओं और बेटियों के साथ इस तरह की घटनाओं को किसी भी हालत में सहन नहीं किया जाना चाहिए।
पुलिस कार्रवाई जारी
SP नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया है कि मोहिन्द्र सिंह की शिकायत पर आरोपी राम कृष्ण के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है और दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी । पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
