लाहौल-स्पीति। हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले में महिला की हत्या और बच्ची के लापता होने के सनसनीखेज मामले में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने लापता बच्ची अद्विका को कश्मीर के कुलगाम से सुरक्षित बरामद कर लिया है।

लापता बच्ची कश्मीर से मिली

मिली जानकारी के अनुसार, हिमाचल और पंजाब पुलिस के संयुक्त अभियान के बाद बच्ची तक पहुंचा गया। सोमवार शाम को बच्ची को लाहौल पुलिस के हवाले किए जाने की औपचारिक प्रक्रिया पूरी होगी और फिर उसे परिवार को सौंपा जाएगा। 4 अगस्त को लाहौल-स्पीति के उदयपुर क्षेत्र की रहने वाली सपना अपनी बेटी अद्विका को इलाज के लिए कुल्लू लेकर गई थी। इसके बाद दोनों रहस्यमय तरीके से लापता हो गईं। इसके बाद परिवार में सनसनी फैल गई।

विधानसभा में उठा था मुद्दा

इस मामले की पुष्टि खुद लाहौल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा ने की। उन्होंने कहा कि कीरतपुर और लाहौल पुलिस ने बेहद सराहनीय कार्य किया है। विधायक ने बताया कि विधानसभा में मुद्दा उठाने और प्रदेश सरकार के हस्तक्षेप के बाद ही जांच तेज हुई।

यह भी पढ़ें : स्कूल प्रांगण में महिला से नीचता कर छीन ली थी सांसें, दूसरा आरोपी दिल्ली से धरा

उन्होंने कैबिनेट मंत्री राजेश धर्माणी का भी आभार जताया, जिन्होंने पंजाब सरकार के मंत्रियों से सीधे संपर्क कर मामले को आगे बढ़ाने में मदद की।

पंजाब में मिली मां की लाश

परिवार की तलाश के बीच 14 अगस्त को पंजाब के रूपनगर जिले के कीरतपुर के पास सपना का शव बरामद हुआ। शव नग्न अवस्था में था, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई। इसके बाद सपना के पति की शिकायत पर हत्या और अपहरण का मामला दर्ज किया गया।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में ढाबे वाले की बेटी बनी नर्सिंग ऑफिसर, 'खान साहब' की लाडली ने दूसरी बार पाया बड़ा मुकाम 

ढाबे पर काम करता है मृतिका का पति

मृतिका के पति ने बताया कि, वह खेतीबाड़ी और ढाबे का काम करता है, जिसमें सपना भी मदद करती थी। उनका आरोप था कि सब्जियां लाने वाली कुछ पिकअप गाड़ियों पर सवार लोग अक्सर ढाबे पर रुकते थे और सपना से बातचीत करते थे। उन्हें शक है कि इस वारदात में वही लोग शामिल हो सकते हैं। हालांकि, पुलिस की जांच में अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें