#अपराध
September 1, 2025
हिमाचल : स्कूल प्रांगण में महिला से नीचता कर छीन ली थी सांसें, दूसरा आरोपी दिल्ली से धरा
स्कूल परिसर में मिली थी महिला की देह, शरीर पर नहीं था एक भी कपड़ा
शेयर करें:
चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिला में बीते दिनों स्कूल परिसर में नग्न अवस्था में एक महिला का शव मिला था। अब इसी मामले में एक अपडेट सामने आया है। पुलिस टीम ने मामले में संलिप्त दूसरे नाबालिग आरोपी को भी पकड़ लिया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम ने आरोपी तो दिल्ली से दबोचा है। चुवाड़ी में महिला के साथ हुई अमानवीय घटना ने समूचे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। दो आरोपियों ने महिला के साथ हैवानियत की सारी हदें पार की थीं।
आपको बता दें कि बीती 19 अगस्त को सरकारी सेवा से सेवानिवृत्त 62 वर्षीय महिला कमला देवी का शव स्कूल परिसर में नग्न अवस्था में मिलने के बाद सनसनी फैल गई थी। मामले में पुलिस जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। महिला के साथ ना सिर्फ दुराचार किया गया था, बल्कि उसके गुप्तांग को इस तरह से क्षत विक्षत किया कि उसकी वहीं पर मौत हो गई थी।
पुलिस ने इस मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इन दोनों आरोपियों ने ही नशे की हालत में महिला को स्कूल परिसर में ले जाकर उसके साथ दुराचार किया था। इतना ही नहीं इन दोनों ने महिला के गुप्तांग को डंडे और बोतल से बुरी तरह से क्षत विक्षत कर दिया था। जिसके चलते ही महिला की मौत हुई थी।
कुडनू पंचायत के एक स्कूल परिसर में एक महिला का शव बरामद हुआ था। महिला का शरीर पूरी तरह से नग्न था। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि महिला के साथ गंभीर आपराधिक कृत्य किया गया। पुलिस ने चार दिन की जांच के बाद दो संदिग्धों की पहचान की, जिनमें से पहले एक 40 साल का राकेश कुमार निवासी कुठेड गांव को गिरफ्तार कर लिया गया।
उसने पंचायत प्रतिनिधियों के सामने आत्मसमर्पण कर घटना में अपनी संलिप्तता कबूल किया। हालांकि उसका दावा है कि उसने मुख्य अपराध नहीं किया। उसने बताया कि उसके साथ इस अपराध में एक नाबालिग भी शामिल है, जिसे अब पुलिस ने दिल्ली से अरेस्ट कर लिया है।
DSP चुवाड़ी योगराज चंदेल ने बताया कि नाबालिग आरोपी को कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है। दोनों ने शराब का सेवन किया था। घर जाते समय दोनों को कमला देवी मिली- जिसे वो उठाकर स्कूल परिसर में ले गए। जहां उन्होंने उसके साथ दुराचार और हैवानियत की सारी हदें पार की।
अब तक की जांच में पता चला है कि दोनों आरोपितों ने कृष्ण मंदिर चुवाड़ी में भंडारे के बर्तन साफ करने का काम लिया था। अपना काम खत्म करने के बाद दोनों ने शराब का सेवन किया। जब यह लोग घर की तरफ जा रहे थे, तभी उन्हें रास्ते में 62 वर्षीय कमला देवी पत्नी मघ्घर सिंह बेसुध मिली।
जांच में यह भी पता चला है कि महिला को भी शराब पीने की आदत थी। दोनों आरोपी बेसुध महिला को उठाकर स्कूल परिसर में ले गए और वहां पर उन्होंने पहले महिला के साथ दुराचार किया और इसके बाद उसके गुप्तांग को डंडे और बोतल से क्षत विक्षत कर दिया, जिससे महिला की मौत हो गई।
DSP योगराज चंदेल ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। यदि इस घटना में किसी और की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि इस मामले में मृतक महिला का शव मिलने के बाद उसकी बेटी ने अपने ही भाई भाभी पर भी हत्या का आरोप लगाया था। पुलिस इस मामले में उस एंगल से भी जांच को आगे बढ़ा रही थी।
इस घटना के बाद पूरे चंबा जिले में गहरी नाराजगी और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोग आरोपियों को फास्ट-ट्रैक कोर्ट में सख्त से सख्त सजा देने की मांग कर रहे हैं। महिला संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी इस घटना की कड़ी निंदा की है और पीड़िता को न्याय दिलाने की अपील की है।