कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश में नशा कारोबारियों पर शिकंजा कसने की कड़ी में कांगड़ा पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। देहरा तहसील के गांव अरला निवासी पवन कुमार की करीब 1.06 करोड़ रुपए की अवैध संपत्ति को पुलिस ने जब्त कर लिया है। यह कार्रवाई NDPS अधिनियम की धारा 68(एफ) के तहत की गई है।
हेरोइन के साथ पकड़ा गया था पवन
संपत्ति की जब्ती की अनुमति सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक, SAFEM एवं NDPSA, दिल्ली से प्राप्त की गई थी। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, पवन कुमार को 6 नवंबर 2024 को 26.10 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया था। उसके खिलाफ कांगड़ा थाना में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ था। पुलिस की जांच में यह सामने आया कि वह 2019 से 2023 के बीच पांच अलग-अलग NDPS मामलों में आरोपी है और हर मामले में उसके कब्जे से नशीले पदार्थ बरामद हुए थे।
यह भी पढ़ें : हिमाचल मानसून : कई परिवारों को मिले कभी ना भूलने वाले गम, मलबे में अपनों को ढूंढ रहे लोग
आलीशान मकान और लाखों के गहने
मामले की गहराई से जांच करने पर पता चला कि पवन कुमार ने नशे के पैसों से दो आलीशान मकान, कई अचल संपत्तियां, और 18.36 लाख रुपए के सोने-चांदी के गहने खरीदे हैं। यह सब NDPS कानून की धारा 68(एफ) के अंतर्गत अवैध मानी गई संपत्ति है, जिसे अब जब्त कर लिया गया है।
पुलिस की सख्ती से बढ़ी तस्करों की बेचैनी
SP कांगड़ा शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि “नशा तस्करी में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा। जिस किसी की भी संपत्ति नशे के कारोबार से जुड़ी पाई गई, उसे जब्त किया जाएगा। समाज को जहर बेचने वालों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।”
यह भी पढ़ें : हिमाचल का होनहार व्लॉगर- बेघर हुए लोगों के लिए YouTube से कमाए 7 लाख, बाढ़ में बहे थे आशियाने
इससे पहले भी सवा करोड़ की संपत्ति जब्त
आपको बता दें कि यह कांगड़ा पुलिस की दूसरी सबसे बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले पुलिस टीम ने रक्कड़ क्षेत्र में एक अन्य नशा तस्कर की ₹1.25 करोड़ की संपत्ति जब्त की गई थी। पुलिस के मुताबिक, यह सिलसिला यहीं नहीं रुकेगा, ऐसे मामलों में शिमला, मंडी और कुल्लू जिलों में भी कार्रवाई जारी है।
चिट्टा तस्करों के लिए चेतावनी
कांगड़ा पुलिस की यह कार्रवाई हिमाचल में चिट्टा कारोबारियों के लिए खुली चेतावनी मानी जा रही है। बीते कुछ वर्षों में प्रदेश में नशे का जाल तेजी से फैल रहा है, लेकिन अब प्रशासन पूरी ताकत से इसे कुचलने के लिए मैदान में उतर चुका है। जनता भी इन कदमों का स्वागत कर रही है, जिससे समाज में जागरूकता का नया माहौल बन रहा है।
