बिलासपुर। लालच इंसान से क्या कुछ नहीं करवा देता है। जल्दी पैसे कमाने की चाह में लोग यह भी भूल जाते हैं कि वे किसी की मेहनत की कमाई पर हाथ डाल रहे हैं। हिमाचल प्रदेश के जिला बिलासपुर के दो युवकों ने भी ऐसा ही कदम उठाया, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया। अब दोनों युवकों को अपने किए का सामना करना पड़ रहा है।

चोरी के मामले में दो शातिर चोर पकड़े

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरियाणा के पंचकूला में पुलिस ने चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किया गया सोना और चांदी के जेवर भी बरामद किए हैं। 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में बड़ी डील करने आए थे हरियाणवी छोरे, पुलिस ने लाखों की चरस संग रंगे-हाथों धरे दोनों

घर बंद देख चोरों ने किया हाथ साफ

बता दें कि पिंजौर निवासी एक व्यक्ति ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि वह 23 नवंबर को अपने परिवार के साथ दिल्ली गया हुआ था। घर कई दिनों तक बंद रहा। जब वह 3 दिसंबर को वापस लौटा तो घर का मुख्य दरवाजा खुला मिला और ताला टूटा हुआ था।

अलमारी तोड़कर उड़ाए कीमती जेवर

घर के अंदर घुसकर देखा तो सारा सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी का लॉक भी तोड़ दिया गया था और उसमें रखे सोने और चांदी के कीमती जेवर गायब थे। इसके बाद पीड़ित ने तुरंत पिंजौर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी और आरोपियों को पकड़ने के लिए विशेष टीम का गठन किया।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : दहेज का झूठा केस कर फंसाना चाहती थी पत्नी, कोर्ट ने लताड़ा- पति को दी तलाक की इजाजत

आरोपियों की पहचान

मामले की जांच एवीटी स्टाफ इंस्पेक्टर सुनील कुमार की टीम को सौंपी गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, CCTV फुटेज और गुप्त सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान विकाश निवासी गांव गणेशपुर भोरियां, पिंजौर और राकेश उर्फ रॉकी निवासी गांव त्रिपालघाट, जिला बिलासपुर हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई है। 

रिमांड में हुई जेवरों की बरामदगी

DCP क्राइम मनप्रीत सिंह सूदन के अनुसार, दोनों आरोपियों को 23 फरवरी को अदालत में पेश किया गया था, जहां से पुलिस ने उनका एक दिन का रिमांड हासिल किया। रिमांड के दौरान गहन पूछताछ की गई। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने उनके कब्जे से लगभग 15 ग्राम सोना और 400 ग्राम चांदी के जेवर बरामद किए।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में कच्ची सड़क की धूल खाकर झल्लाए अखिलेश यादव- सरकार पर कसा तंज, जानें

न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपी

बरामदगी की कार्रवाई पूरी होने के बाद दोनों आरोपियों को दोबारा कोर्ट में पेश किया गया। अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों ने पहले भी कहीं इसी तरह की वारदात को अंजाम दिया है या नहीं।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें