हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां कुछ दिन पहले अचानक लापता हुई एक नवविवाहिता को पुलिस ने दिल्ली से बरामद किया है। महिला के लापता होने के बाद से ही परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। जांच के दौरान सामने आया कि वह अपने प्रेमी के साथ घर से चली गई थी।

एक सप्ताह पहले अचानक हुई थी लापता

जानकारी के अनुसार, मामला हमीरपुर के सलासी क्षेत्र का है। यहां रहने वाली बाहरी राज्य की एक नवविवाहिता पिछले सप्ताह रहस्यमयी परिस्थितियों में अचानक लापता हो गई थी। महिला के गायब होने के बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और पुलिस को भी इसकी जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।

 

यह भी पढ़ें : चंडीगढ़ से हिमाचल में चिट्टा सप्लाई करने आ रही थी नेहा, पुलिस ने साथी संग की गिरफ्तार

अपनी मर्जी से करना चाहती थी प्रेमी से शादी

पुलिस को दिए बयान में युवती ने बताया कि वह अपने प्रेमी से शादी करना चाहती थी। लेकिन सितंबर 2026 में उसके परिजनों ने उसकी मर्जी के खिलाफ जबरदस्ती उसकी शादी करवा दी थी। इस बात से वह नाराज थी। जांच में सामने आया कि युवती का काफी समय से एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवक जयसिंहपुर इलाके में एक ठेकेदार के पास काम करता था।

हमीरपुर बस स्टैंड पर प्रेमी से मिली युवती

जानकारी के मुताबिक, पिछले सप्ताह युवक हमीरपुर बस स्टैंड पहुंचा था। यहां युवती भी उससे मिलने पहुंच गई। इसके बाद दोनों ने हमीरपुर टैक्सी स्टैंड से एक गाड़ी किराए पर ली और चंडीगढ़ के लिए रवाना हो गए। वहां से दोनों दिल्ली चले गए और वहीं रहने लगे।

 

यह भी पढ़ें :  नहर में मिली दामाद की देह, सुसर ने जताया कई युवकों पर शक- पुलिस को बताई सच्चाई

पुलिस ने दिल्ली पहुंचकर युवती को किया बरामद

इधर, पुलिस लगातार दोनों की तलाश कर रही थी। जांच के दौरान पुलिस ने उनकी लोकेशन का पता लगा लिया। इसके बाद पुलिस टीम दिल्ली पहुंची और युवती को बरामद कर लिया। सभी जरूरी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे उसके पति और परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

ASP ने की मामले की पुष्टि

ASP राजेश उपाध्याय ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने लापता नवविवाहिता को दिल्ली से बरामद कर लिया है और जरूरी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया है।