ऊना। हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना में पारिवारिक विवाद के बीच पंचायत उपप्रधान के साथ कथित तौर पर मारपीट का मामला सामने आया है। उपमंडल अंब के अंतर्गत चौआर गांव में एक घरेलू विवाद को सुलझाने पहुंचे पंचायत उपप्रधान को एक महिला ने थप्पड़ जड़ दिया। घटना के बाद पीड़ित उपप्रधान की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पारिवारिक विवाद सुलझाने गया था उपप्रधान
जानकारी के अनुसार, रविवार रात गांव के एक व्यक्ति ने पंचायत उपप्रधान सुखदेव सिंह को फोन कर अपने घर में चल रहे पारिवारिक विवाद की जानकारी दी। फोन करने वाले व्यक्ति ने बताया कि उसकी बहू प्रवीण कुमारी के साथ घर में विवाद चल रहा है और स्थिति को संभालने के लिए पंचायत प्रतिनिधियों की मदद की जरूरत है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के लाल ने बढ़ाया मान, कश्मीर में दुश्मनों से लिया लोहा- राष्ट्रपति पुलिस पदक से होंगे सम्मानित
पति और परिवार से लड़ रही थी महिला...
सूचना मिलने के बाद उपप्रधान सुखदेव सिंह एक वार्ड सदस्य को साथ लेकर संबंधित घर पहुंचे। बताया जा रहा है कि मौके पर पंचायत के अन्य प्रतिनिधि, महिला के पति और परिवार से जुड़े अन्य लोग भी मौजूद थे। पंचायत प्रतिनिधियों ने मामले को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने के उद्देश्य से दोनों पक्षों से बातचीत शुरू की और घरेलू विवाद के कारणों को जानने का प्रयास किया।
महिला ने जड़ा थप्पड़
इसी दौरान कथित तौर पर माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। आरोप है कि महिला प्रवीण कुमारी पंचायत उपप्रधान और अन्य प्रतिनिधियों के हस्तक्षेप से नाराज हो गई। महिला ने कथित रूप से कहा कि यह उनका पारिवारिक मामला है और इसमें उपप्रधान के दखल देने का कोई औचित्य नहीं है। आरोप है कि बातचीत के दौरान महिला ने अपना आपा खो दिया और अचानक उठकर पंचायत उपप्रधान सुखदेव सिंह के चेहरे पर थप्पड़ मार दिया।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में फिर आया भूकंप : घरों से बाहर भागे लोग, क्या आपने भी महसूस किए झटके?
घरेलू मामले में क्यों दी दखल...
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने स्थिति को शांत करने का प्रयास किया। वहीं, पंचायत उपप्रधान ने इस घटना को अपने साथ अभद्र व्यवहार और पंचायत के कार्य में बाधा बताया है। उनका कहना है कि वह गांव में एक चुने हुए जनप्रतिनिधि के तौर पर सूचना मिलने के बाद पारिवारिक विवाद को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने के लिए मौके पर पहुंचे थे।
थाने पहुंचा उपप्रधान
उपप्रधान सुखदेव सिंह के अनुसार, उन्होंने किसी विवाद को बढ़ाने के बजाय दोनों पक्षों के बीच बातचीत कर मामला सुलझाने की कोशिश की थी। मगर उनके साथ कथित तौर पर मारपीट की गई, जिससे उन्हें मानसिक रूप से भी ठेस पहुंची। इसके बाद उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस के पास दर्ज करवाई।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : खेत में गई बहू संग पड़ोसी ने की गंदी हरकत, बाप-बेटे की शिकायत ले थाने पहुंचा ससुर
जांच में जुटी पुलिस
मामले की शिकायत मिलने के बाद अंब पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। DSP अंब अनिल पटियाल ने बताया कि पंचायत उपप्रधान की शिकायत के आधार पर आरोपित महिला के खिलाफ BNS की धारा 132 और 121(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब घटना से जुड़े सभी पक्षों के बयान दर्ज करने के साथ-साथ मामले की जांच कर रही है।
गांव में हो रही चर्चा
पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। वहीं, गांव में इस घटना को लेकर चर्चा बनी हुई है कि पारिवारिक विवाद को सुलझाने पहुंचे पंचायत प्रतिनिधि के साथ कथित तौर पर इस तरह की घटना कैसे हुई।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में 200 पदों पर निकली भर्ती : दसवीं पास को भी मिलेगी नौकरी, जल्द करें आवेदन
यह मामला एक बार फिर इस बात को भी सामने लाता है कि कई बार घरेलू विवादों को सुलझाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंचे पंचायत प्रतिनिधियों को भी तनावपूर्ण परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। फिलहाल अंब पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
