कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करी के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत कुल्लू जिले की मनाली पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कोर्ट परिसर के पीछे स्थित गोंपा रोड पर एक मकान में छापा मारकर एक युवक को हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है।

युवक से मिली हेरोइन की खेप

युवक के किराए के कमरे से कुल 44.920 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। यह बरामदगी न केवल नशा कारोबार की गंभीरता को दर्शाती है, बल्कि इस बात का भी संकेत देती है कि बाहरी राज्यों से आकर तस्कर हिमाचल को ठिकाना बना रहे हैं।

यह भी पढ़ें : श्रीखंड महादेव यात्रा : खतरों भरा होगा सफर, इस बार पार करने होंगे 5 बड़े ग्लेशियर- जानें कब होगी शुरू

किराए के मकान में रह रहा था युवक

गिरफ्तार युवक की पहचान संदीप सिंह (उम्र 26 वर्ष), निवासी जिलोवाल, कपूरथला (पंजाब) के रूप में हुई है। वह गोंपा रोड पर स्थित एक मकान में किराए पर रह रहा था और संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त था। जब पुलिस को इस संदर्भ में पुख्ता सूचना मिली, तो टीम ने बिना देर किए छापा मारा और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।

बड़े ड्रग नेटवर्क से जुड़ा मामला

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि संदीप सिंह किसी बड़े ड्रग नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। पुलिस अब इस मामले में उसके संपर्कों, सप्लायरों और संभावित ग्राहकों की भी जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें : विमल नेगी केस पर बोले CM सुक्खू- CBI को देंगे पूरा सहयोग, BJP की राजनीति नहीं सहेगा हिमाचल

रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस टीम

इस मामले की पुष्टि करते हुए SP कुल्लू डॉ. कार्तिकेयन जी. ने बताया कि पुलिस नशे के कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क की परत-दर-परत जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि नशे के सौदागरों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस लगातार क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखे हुए है और आने वाले समय में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेंगी।

 

स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की है और नशे के खिलाफ सख्त रुख अपनाने की मांग दोहराई है। हिमाचल जैसे शांत प्रदेश में नशा तस्करी की जड़ें जमाना चिंता का विषय है, जिस पर प्रशासन और पुलिस की सजगता ही रोकथाम का एकमात्र उपाय है।

पेज पर वापस जाने के लिए यहां क्लिक करें