शिमला। हिमाचल प्रदेश में नशे के बढ़ते खतरे के बीच शिमला जिले के रोहड़ू क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक और युवती को कथित तौर पर चोरी-छिपे चिट्टे का इंजेक्शन लेते हुए ग्रामीणों ने देख लिया।

छिपकर चिट्टे का इंजेक्शन ले रहे थे युवक-युवती

लोगों ने मौके का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को लेकर लोगों ने गहरी चिंता जताई है।

यह भी पढ़ें- अगले 5 दिन सतर्क रहें हिमाचली : कई जिलों में तेज बारिश और तूफान के आसार, IMD ने जारी किया अलर्ट

लोगों ने बना ली वीडियो

वायरल वीडियो में एक युवक और एक युवती सुनसान स्थान पर बैठे दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में दोनों कथित रूप से नशीला पदार्थ इंजेक्शन के माध्यम से लेते हुए नजर आ रहे हैं। हालांकि, वीडियो की सत्यता और उसमें दिखाई दे रहे पदार्थ की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है। बावजूद इसके, वीडियो के तेजी से प्रसारित होने के बाद लोगों के बीच इसकी व्यापक चर्चा हो रही है।

लगातार फैल रहा चिट्टे का जाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि पहाड़ी क्षेत्रों में भी नशे का जाल लगातार फैलता जा रहा है, जो समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है। खासकर युवाओं का नशे की गिरफ्त में आना परिवारों और समाज दोनों के लिए खतरे की घंटी माना जा रहा है। लोगों का मानना है कि ऐसे मामलों को गंभीरता से लेते हुए जागरूकता अभियान और सख्त कार्रवाई दोनों की जरूरत है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : तेज रफ्तार का कहर- टोल बैरियर से टकराई बेकाबू कार, पुलिसकर्मियों को रौंदा

लोगों में चिंता का माहौल

वीडियो वायरल होने के बाद कई सामाजिक संगठनों और अभिभावकों ने भी चिंता जताई है। उनका कहना है कि नशे के खिलाफ केवल पुलिस कार्रवाई ही पर्याप्त नहीं है- बल्कि समाज, परिवार और शैक्षणिक संस्थानों को भी मिलकर युवाओं को इस बुराई से दूर रखने के लिए प्रयास करने होंगे।

जांच में जुटी पुलिस टीम

उधर, मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस भी वीडियो की जांच में जुट सकती है। अगर वीडियो की पुष्टि होती है और इसमें दिखाई देने वाले व्यक्तियों की पहचान हो जाती है, तो संबंधित कानूनी पहलुओं के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा सकती है। हालांकि, अधिकारियों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल पुलिस ने दबोचा 'टाइगर'- पाकिस्तान से 20 किलो चिट्टा लाने की फिराक में था सप्लायर

बचाना होगा प्रदेश का युवा

रोहड़ू में सामने आया यह मामला एक बार फिर इस बात की याद दिलाता है कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल कानून की नहीं, बल्कि पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी है। युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए समय रहते ठोस कदम उठाना बेहद जरूरी है, ताकि उनका भविष्य सुरक्षित रह सके।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें