#अपराध

June 3, 2026

हिमाचल : तेज रफ्तार का कहर- टोल बैरियर से टकराई बेकाबू कार, पुलिसकर्मियों को रौंदा

पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई- CCTV में कैद हुई पूरी वीडियो

शेयर करें:

Una News

ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में स्थित मैहतपुर टोल बैरियर पर मंगलवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पंजाब की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर टोल बैरियर पर लगे बेरिकेड से जा टकराई।

तेज रफ्तार का कहर

हादसे की चपेट में आकर ड्यूटी पर तैनात एक टोल कर्मचारी और एक पुलिसकर्मी घायल हो गए। पूरी घटना टोल प्लाजा पर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

यह भी पढ़ें- अगले 5 दिन सतर्क रहें हिमाचली : कई जिलों में तेज बारिश और तूफान के आसार, IMD ने जारी किया अलर्ट

अचानक बेकाबू हुई कार, मची अफरा-तफरी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार टोल बैरियर की ओर सामान्य रूप से बढ़ रही थी, लेकिन अचानक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते कार बेरिकेड को तोड़ते हुए वहां मौजूद कर्मचारियों की ओर बढ़ गई। टक्कर इतनी अचानक थी कि मौके पर मौजूद लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

घायलों को तुरंत पहुंचाया गया अस्पताल

हादसे के तुरंत बाद घायल टोल कर्मचारी और पुलिस मुलाजिम को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन भी सक्रिय हो गया। एडिशनल एसपी सुरेंद्र शर्मा स्वयं अस्पताल पहुंचे और दोनों घायलों का हालचाल जाना। राहत की बात यह रही कि दोनों को गंभीर चोटें नहीं आईं और उनकी हालत फिलहाल सामान्य बताई जा रही है।

यह भी पढ़ें : मंत्री विक्रमादित्य सिंह की गाड़ी का काटा चालान, सवार थी प्रतिभा सिंह; सील्ड रोड पर बिना परमिट दौड़...

पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसा चालक द्वारा वाहन से नियंत्रण खो देने के कारण हुआ। एडिशनल SP सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि मैहतपुर थाना पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

घायलों ने कार्रवाई से किया इन्कार

हैरानी की बात यह है कि हादसे में घायल हुए टोल कर्मचारी और पुलिसकर्मी दोनों ने कार चालक के खिलाफ किसी भी प्रकार की व्यक्तिगत कानूनी कार्रवाई करवाने से इन्कार कर दिया है। हालांकि पुलिस अपने स्तर पर मामले की जांच और नियमानुसार कार्रवाई कर रही है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल ने खो दिया 8 आ*तंकि.यों को ढेर करने वाला वीर सपूत; राष्ट्रपति ने शौर्य चक्र से नवाजे थे अमित

CCTV वीडियो हुआ वायरल

घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर काफी चर्चा हो रही है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे कुछ ही सेकंड में एक सामान्य स्थिति हादसे में बदल जाती है। यह घटना एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों की ओर इशारा करती है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख