#यूटिलिटी
June 3, 2026
अगले 5 दिन सतर्क रहें हिमाचली : कई जिलों में तेज बारिश और तूफान के आसार, IMD ने जारी किया अलर्ट
4 जून को दिखेगा पश्चिमी विक्षोभ का ज्यादा असर
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में आने वाले पांच दिनों तक मौसम के तेवर बदले रहेंगे। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश में 7 जून तक बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है। सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कई जिलों में मौसम खराब रहने की संभावना जताई गई है। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
मौसम विभाग ने 4 जून के लिए चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। अचानक मौसम बदलने से जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार 4 जून को प्रदेश में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का सबसे अधिक प्रभाव देखने को मिलेगा। लाहौल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर अधिकांश जिलों में गरज-चमक, तेज हवाएं और बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। कुछ इलाकों में अच्छी बारिश होने की भी संभावना है।
5 जून को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, शिमला और सिरमौर जिलों में मौसम खराब रहने का अनुमान है। इन जिलों में भी गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 6 जून को चंबा, कांगड़ा और कुल्लू जिलों में मौसम का असर जारी रह सकता है और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
किन्नौर और लाहौल-स्पीति में 3 से 7 जून के बीच 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। हालांकि इन क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना कम है, लेकिन तेज हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं।
प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ने से तापमान में भी गिरावट दर्ज होने की संभावना है। बीते कुछ दिनों से गर्मी का सामना कर रहे लोगों को राहत मिल सकती है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े न होने की सलाह दी है।