बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बिलासपुर पुलिस की स्पेशल डिटेक्शन टीम SDT ने नाकाबंदी के दौरान एक कार से लगभग साढ़े चार किलो चरस बरामद की है।
पति-पत्नी से मिली चरस
इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें नेपाल निवासी एक दंपती भी शामिल है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- CM सुक्खू का बड़ा ऐलान : अब आउटसोर्स पर नहीं होंगी भर्तियां, नौकरी में सिफारिशें भी खत्म
तस्करों तक कैसे पहुंची पुलिस?
जानकारी के अनुसार बिलासपुर पुलिस जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी और नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए लगातार अभियान चला रही है। इसी कड़ी में SDT की टीम बलोह-मल्यावर लिंक रोड के समीप नाकाबंदी कर आने-जाने वाले वाहनों की जांच कर रही थी। इस दौरान पुलिस टीम ने एक कार को संदेह के आधार पर रोककर उसकी तलाशी ली।
कार से मिली साढ़े चार किलो चरस
तलाशी के दौरान कार में सवार लोगों के कब्जे से बड़ी मात्रा में चरस बरामद हुई। पुलिस ने बरामद नशीले पदार्थ का वजन किया तो यह 4.523 किलोग्राम पाया गया। इसके बाद पुलिस ने चरस को कब्जे में लेकर कार में सवार तीनों लोगों को हिरासत में ले लिया और पूछताछ शुरू की।
यह भी पढ़ें- नैना देवी जा रहा श्रद्धालुओं से भरा ट्रक खाई में गिरा, 11 वर्षीय लड़की ने तोड़ा दम- 52 घायल
आरोपियों की पहचान
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान-
- विश्वास उर्फ विशाल थापा (32) निवासी लुंबिनी, नेपाल
- श्रेया (33) पत्नी विशाल थापा
- घनश्याम (25) निवासी गुराण, मंडी
यह भी पढ़ें- हिमाचल के जवान का ऑन ड्यूटी निधन- दो मासूमों के सिर से उठा पिता का साया, आज घर पहुंचेगी देह
कहां से लाए थे खेप?
मामले को लेकर पुलिस थाना घुमारवीं में NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। अब जांच का मुख्य केंद्र यह पता लगाना है कि बरामद चरस आखिर कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान तक पहुंचाने की योजना थी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी किसी बड़े नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े हैं या फिर अलग-अलग स्तर पर काम कर रहे थे।
पूछताछ कर रही पुलिस टीम
पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर चरस की खरीद-फरोख्त और सप्लाई से संबंधित जानकारी जुटा रही है। जांच के दौरान तथाकथित फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज भी खंगाले जा रहे हैं- ताकि यह पता लगाया जा सके कि नशीला पदार्थ आरोपियों तक किस माध्यम से पहुंचा। इसके बाद किन लोगों या स्थानों तक पहुंचाया जाना था। पुलिस का प्रयास इस मामले में केवल तीन आरोपियों तक सीमित न रहकर पूरे नेटवर्क की कड़ियों तक पहुंचने का है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में नर्स ने 12 साल की उम्र में पास की दसवीं! कोर्ट ने मांगा जवाब, नौकरी पर मडंराया संकट
पुलिस का अभियान लगातार जारी
पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने कहा कि बिलासपुर जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि नशा समाज और विशेष रूप से युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर खतरा बन रहा है।
नशा तस्करों की खैर नहीं
ऐसे में नशे की तस्करी करने वालों के साथ-साथ इस अवैध कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क को चिन्हित करने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। फिलहाल तीनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस जांच के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
