चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से एक भौंचक्का करने वाले मामला सामने आया है। विकास खंड सलूणी के भसुआ गांव में एक 18 साल की लड़की का शव घर में फंदे से झूलता हुआ मिला है। लड़की का शव सबसे पहले उसकी मां ने फंदे से झूलता हुआ देखा।

फंदे से लटकी मिली लड़की

बताया जा रहा है कि घटना के वक्त लड़की घर पर अकेली ही थी। लड़की का पिता दिहाड़ी लगाने गया हुआ था। जबकि, मां जंगल में लकड़ियां लाने के लिए गई हुई थी। इस घटना के बाद लड़की के माता-पिता सदमे में हैं।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : दोस्तों के साथ एन्जॉय करने आया था व्यक्ति, जंगल में पड़ी मिली देह

मां ने फंदे से उतारा नीचे

मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना बुधवार सुबह 11.30 बजे की है। परिजनों ने बताया कि मृतका की मां चूल्हा जलाने के लिए जंगल से लकड़ियां लेकर वापस लौटी तो घर पहुंचते ही उसके होश उड़ गए। उसने देखा कि उसकी बेटी घर में फंदे के साथ लटकी हुई थी। उसने आनन-फानन में किसी तरह फंदा खोल कर बेटी को फंदे से नीचे उतारा- जो कि बेसुध हालत में थी।

मां-बाप ने खोई जवान बेटी

मृतका की मां ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को मौके पर बुलाया और फिर उनकी मदद से बेसुध हालत में पड़ी बेटी को किहार अस्पताल पहुंचाया। मगर तब तक काफी देर हो चुकी थी। अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जवान बेटी की मौत के बाद माता-पिता का रो-रो कर बुरा हाल है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : होटल में चल रहा था गंदा खेल, दो महिलाएं रेस्क्यू- मालिक समेत 3 अरेस्ट

गहरे सदमे में मां-बाप

मृतका की पहचान शांति कुमारी के रूप में हुई है- जिसकी उम्र 18 साल थी। उधर, मामले की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चंबा अस्पताल भेज दिया। साथ ही मृतका के परिजनों और आसपास के लोगों के बयान कलमबद्ध कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी। लड़की के मां-बाप बेटी की मौत के बाद गहरे सदमे में हैं। वो समझ नहीं पा रहे हैं कि आखिर उसने ऐसा खौफनाक कदम क्यों उठाय।

 

मामले की पुष्टि करते हुए SP चंबा अभिषेक यादव ने बताया कि पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया है। मृतका के परिजनों ने अभी तक किसी पर कोई संदेह जाहिर नहीं किया है। मौत के असली कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। फिलहाल, पुलिस टीम ने मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पेज पर वापस जाने के लिए यहां क्लिक करें