#अपराध
March 20, 2025
हिमाचल : दोस्तों के साथ एन्जॉय करने आया था व्यक्ति, जंगल में पड़ी मिली देह
12 मार्च को हुई थी आखिरी बार घर वालों से बात
शेयर करें:

ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है। यहां अंब उपमंडल के ज्वार में एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटका मिला है। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र के लोगों में सनसनी फैली हुई है।
बताया जा रहा है कि व्यक्ति का शव कबाड़ इकट्ठा करने वालों को पड़ा मिला है। जांच में पाया गया कि व्यक्ति अपने दोस्तों के साथ होली के मेले में एन्जॉय करने आया हुआ था। व्यक्ति की मौत के बाद परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
मिली जानकारी के अनुसार, बीते कल कबाड़ इकट्ठा करने वाले लोग जंगल की ओर गए हुए थे। इस दौरान उन लोगों को जंगल में एक पेड़ से व्यक्ति की लाश लटकी हुई मिली। शव को देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
उन्होंने तुरंत इस बाबत पंचायत प्रधान और पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया। साथ ही घटनास्थल पर मौजूद लोगों के बयान कलमबद्ध कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी। मृतक की पहचान 47 वर्षीय मनजीत सिंह के रूप में हुई है- जो कि फाजिल्का के आनंदपुर मोहल्ला का रहने वाला था।
शुरुआती जांच में पुलिस टीम को मृतक के पास एक मोबाइल फोन मिला है। उसी फोन की मदद से पुलिस टीम ने मृतक के परिजनों से संपर्क किया। परिजनों ने बताया कि मनजीत सिंह बीती 10 मार्च को अपने दोस्तों के साथ बाबा बड़बाग सिंह मैड़ी होली मेले में आा था। बीती 12 मार्च को उनकी मनजीत की आखिरी बार ही बात हुई थी। इसके बाद से उसका फोन ऑफ आ रहा था। वहीं, अब उसका शव मिला है।
मामले की पुष्टि करते हुए SHO अनिल उपाध्याय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। अभी इस बात का खुलासा नहीं हो पाया है कि यह मामला आत्महत्या का है या हत्या का। पुलिस टीम द्वारा मामला दर्ज कर हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है।