सुंदरनगर (मंडी)। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से एक दुखद घटना सामने आई है। यहां एक परिवार पर उस समय दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, जब उनकी 18 वर्षीय बेटी की अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवती अपनी झुग्गी के बाहर जमीन पर अचेत अवस्था में पड़ी मिली थी। आनन-फानन में पुलिस की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने जांच के बाद युवती को मृत घोषित कर दिया। महज 18 साल की उम्र में हुई इस मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं रोपा क्षेत्र में भी घटना को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
जमीन पर बेसुध पड़ी मिली थी युवती
मामला नगर परिषद सुंदरनगर के अंतर्गत रोपा क्षेत्र में स्थित प्रवासी मजदूरों की झुग्गी बस्ती का है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम युवती अचानक अपनी झुग्गी के बाहर जमीन पर बेसुध हालत में मिली। उसे इस अवस्था में देखकर आसपास मौजूद लोग घबरा गए। इसके बाद तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी गई। कुछ ही देर में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवती को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल सुंदरनगर पहुंचाया।
यह भी पढ़ें : अंतरराष्ट्रीय लवी मेले के समापन में नहीं पहुंचे CM सुक्खू, मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बताई यह वजह
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
अस्पताल में चिकित्सकों ने युवती का स्वास्थ्य परीक्षण किया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवती की अचानक मौत की खबर मिलते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जिस बेटी के साथ परिवार ने भविष्य के सपने संजोए थे, उसकी इस तरह अचानक मौत ने सभी को गहरे सदमे में डाल दिया।
कहां की रहने वाली थी अंगूरी उर्फ रोशनी
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में मृतका की पहचान 18 वर्षीय अंगूरी उर्फ रोशनी पुत्री नेक पाल के रूप में हुई है। युवती मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के गांव डलवा शहीदां, डाकघर जगत की रहने वाली थी। उसका परिवार सुंदरनगर के रोपा क्षेत्र में प्रवासी मजदूरों की झुग्गी बस्ती में रह रहा था।
यह भी पढ़ें : HRTC पेंशनरों के सब्र का बांध टूटा, 27 को करने जा रहे कुछ बड़ा; सुक्खू सरकार को दिया अल्टीमेटम
मौत की वजह अब भी रहस्य
युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल इसका खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है। महिला पुलिस कर्मी के माध्यम से शव का बारीकी से निरीक्षण भी करवाया गया। इस दौरान शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए। वहीं, शुरुआती पूछताछ में परिजनों या मौके पर मौजूद किसी अन्य व्यक्ति ने भी मौत को लेकर कोई संदेह जाहिर नहीं किया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: कोर्ट में बोली पत्नी- मुझे 50 हजार प्रतिमाह गुजारा भत्ता चाहिए, खारिज हुई याचिका; जानें क्यों
पुलिस हर पहलू से कर रही जांच
18 वर्षीय युवती की अचानक मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर युवती की तबीयत अचानक कैसे बिगड़ी? वह झुग्गी के बाहर अचेत अवस्था में किन परिस्थितियों में पहुंची? उसकी मौत के पीछे क्या वजह रही? इन सवालों के जवाब फिलहाल सामने नहीं आए हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
डीएसपी भारत भूषण ने की मामले की पुष्टि
डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले में नियमानुसार आगामी कार्रवाई कर रही है। घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल युवती की मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। अब जांच और चिकित्सकीय प्रक्रिया के बाद ही मौत की असल वजह सामने आ पाएगी।
