मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक पति ने पुलिस थाने पहुंचकर अपनी पत्नी को ढूंढने की गुहार लगाई है। पति का आरोप है कि एक व्यक्ति उसकी पत्नी को अपने साथ ले गया और अब उसे अपने घर में कथित तौर पर बंधक बनाकर रखा हुआ है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस महिला की तलाश के साथ-साथ शिकायत में लगाए गए आरोपों की भी गहनता से जांच कर रही है।
घरेलू विवाद के बाद मायके गई थी महिला
मामला बीएसएल कालोनी थाना क्षेत्र का है। कुफरी (पौड़ाकोठी) निवासी दुमानू राम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 11 जुलाई को उसका पत्नी पुष्पा देवी के साथ मामूली घरेलू विवाद हुआ था। इसके बाद पुष्पा देवी अपने दोनों बच्चों को घर पर छोड़कर अपने मामा हेत राम के साथ मायके चली गई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में एक ही दिन में दूसरी ह**त्या ! सड़क पर मिली भेड़पालक की देह, दो लोगों से हुआ था झगड़ा
करीब एक महीने तक मायके में रही
शिकायतकर्ता के अनुसार उसकी पत्नी करीब एक महीने तक मायके में रही। इसी दौरान करसोग के तेबन निवासी राम कृष्ण कथित तौर पर उसे अपने साथ ले गया। इसके बाद महिला वापस घर नहीं लौटी। पति ने पुलिस को दी शिकायत में आशंका जताई कि राम कृष्ण ने उसकी पत्नी को कहीं छिपाकर रखा है और उसे परिवार के पास लौटने नहीं दिया जा रहा है।
पति ने पुलिस से लगाई पत्नी को ढूंढने की गुहार
पत्नी के वापस घर न लौटने पर पति ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया। उसने पुलिस से महिला को तलाश कर सुरक्षित वापस लाने की मांग की है। शिकायत में उसने आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी को कथित तौर पर उसकी इच्छा के विरुद्ध अपने साथ ले जाकर रखा गया है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में मिलावटी दूध-पनीर बेचने वालों की खैर नहीं : अब फोन से ही खुल जाएगा राज, पकड़े गए तो..
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
मामले की गंभीरता को देखते हुए बीएसएल कालोनी पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस अब महिला की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। साथ ही पुलिस शिकायत में नामजद व्यक्ति से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है।
महिला की बरामदगी के बाद साफ होगी तस्वीर
पुलिस के सामने फिलहाल सबसे बड़ी चुनौती महिला का पता लगाना है। महिला के मिलने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वह अपनी इच्छा से वहां गई थी या उसे वास्तव में जबरन ले जाकर बंधक बनाकर रखा गया है। पुलिस मामले में हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार की पेंशनरों को सौगात: 1 सितंबर को खाते में आएगा एरियर; जानें किसे कितना मिलेगा
एसपी मंडी ने कहा- हर पहलू से हो रही जांच
एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और महिला की तलाश के प्रयास जारी हैं। उन्होंने कहा कि जांच के बाद मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।
