नालागढ़ (सोलन)। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के नालागढ़ से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस की कार्यप्रणाली और हिरासत में आरोपियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। चिट्टा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार एक युवक पुलिस को चकमा देकर हिरासत से फरार हो गया। आरोपी ने अस्पताल में मेडिकल जांच करवाने के बाद वापस लाते समय पुलिसकर्मी को अचानक धक्का दिया और इससे पहले कि पुलिसकर्मी कुछ समझ पाता, वह मौके से भाग निकला। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं।

मेडिकल करवाने अस्पताल पहुंची थी पुलिस

जानकारी के अनुसार नालागढ़ पुलिस ने वार्ड नंबर तीन के निवासी प्रिंस को बुधवार को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया था। पुलिस ने उसे पुराने बस अड्डे के पास से पकड़ा था। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 7.82 ग्राम चिट्टा बरामद होने की बात सामने आई है। गिरफ्तारी के बाद नियमानुसार आरोपी को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया था।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल ब्रेकिंग : खाई में गिरी HRTC बस, बच्चों-महिलाओं समेत 35 थे सवार; एक ने तोड़ा दम

पुलिसकर्मी को धक्का देकर फरार हुआ आरोपी

मेडिकल जांच पूरी होने के बाद पुलिस आरोपी को वापस ले जा रही थी। इसी दौरान प्रिंस ने कथित तौर पर अचानक पुलिसकर्मी को धक्का दिया और वहां से भाग गया। घटना इतनी तेजी से हुई कि पुलिसकर्मी को संभलने और आरोपी को रोकने का मौका नहीं मिल पाया। इसके बाद आरोपी की तलाश शुरू की गई, लेकिन वह पुलिस की पकड़ से बाहर रहा।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में अगले कई दिन होगी भारी बारिश, ऊंची चोटियों पर बर्फबारी से प्रदेश में बढ़ेगी ठंड

 

यह घटना बुधवार रात करीब साढ़े बजे की बताई गई है। आरोपी के फरार होने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी। हालांकि, गुरुवार शाम तक प्रिंस की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी। पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और आरोपी तक पहुंचने के लिए अलग-अलग टीमों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, कई टीमें तलाश में जुटीं

बद्दी के पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान के अनुसार, आरोपी के पुलिस हिरासत से फरार होने के मामले में संबंधित कानूनी धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की विभिन्न टीमें गठित की गई हैं, जो संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल के लिए मोदी सरकार ने फिर खोला खजाना, मिलेगी करोड़ों रुपए की सहायता; जानें कहां होगी खर्च

हिरासत से फरारी ने खड़े किए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

चिट्टे के आरोप में गिरफ्तार युवक का मेडिकल जांच के बाद पुलिस हिरासत से फरार हो जाना कई सवाल खड़े करता है। अस्पताल ले जाने और वापस लाने के दौरान आरोपी की निगरानी, सुरक्षा प्रबंधों और पुलिस की सतर्कता को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है। अब देखना होगा कि पुलिस फरार आरोपी को कितनी जल्दी पकड़ पाती है और मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें