मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से एक गंभीर मामला सामने आया है। एक युवती ने आरोप लगाया कि एक युवक ने शादी का वादा कर उसे अपने विश्वास में लिया और मंडी लाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोप है कि इसके बाद युवक युवती को छोड़कर उसकी बाइक, मोबाइल फोन, गहने और हजारों रुपये की नकदी लेकर फरार हो गया। मामले में मंडी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को कांगड़ा जिले के थुरल से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी हिमाचल से बाहर निकलने की तैयारी में था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस टीम ने उसकी लोकेशन ट्रेस कर उसे पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान समीर पुत्र दिलशाद, निवासी सरबट, थाना सिविल लाइन, मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
शादी का वादा, फिर युवती के साथ दुष्कर्म का आरोप
युवती की शिकायत के अनुसार आरोपी ने उससे शादी करने का वादा किया था। इसी भरोसे के चलते वह उसके साथ मंडी आई। युवती का आरोप है कि मंडी पहुंचने के बाद आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोप है कि घटना के बाद आरोपी वहां से चला गया और युवती को कथित तौर पर चंडीगढ़ छोड़ दिया।
यह भी पढ़ें : सीएम सुक्खू 5 अक्टूबर को ले सकते हैं बड़े फैसले, कैबिनेट में नौकरियों- DA पर लग सकती है मुहर
बाइक, मोबाइल और गहने भी ले जाने का आरोप
मामले में युवती ने आरोपी पर उसके सामान को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत के मुताबिक युवक उसकी बाइक, मोबाइल फोन, गहने और करीब 70 हजार रुपये की नकदी लेकर चला गया। इसके बाद जब युवती ने आरोपी से संपर्क करने का प्रयास किया तो उसने कथित तौर पर फोन उठाना बंद कर दिया। इससे परेशान युवती ने पुलिस का रुख किया।
29 अगस्त को दर्ज हुई थी शिकायत
युवती ने इस मामले को लेकर 29 अगस्त को पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी। शुरुआती तौर पर आरोपी पुलिस की पकड़ में नहीं आ सका। बाद में युवती मंडी पहुंची और उसने पूरे मामले को लेकर अपना पक्ष रखा। इस दौरान उसके बयान का वीडियो भी सामने आया, जिसमें उसने आरोपी के मोबाइल के ऑन होने के बावजूद उसके नहीं पकड़े जाने को लेकर सवाल उठाए थे।
यह भी पढ़ें : सीएम सुक्खू की गांव में बीती रात... जंगली मुर्गे की जगह पहाड़ी व्यंजनों से सजी थाली; नाटी भी डाली
मोबाइल लोकेशन बनी पुलिस के लिए अहम सुराग
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के मोबाइल की लोकेशन को ट्रैक किया। इसी आधार पर पुलिस को उसके कांगड़ा जिले के थुरल क्षेत्र में मौजूद होने की जानकारी मिली। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को थुरल से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी हिमाचल से बाहर निकलने की फिराक में था, लेकिन उससे पहले ही उसे दबोच लिया गया।
अब न्यायालय में पेश किया जाएगा आरोपी
गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी को मंडी ले आई है। अब उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। मामले में पुलिस आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई कर रही है। पुलिस यह भी जांच करेगी कि घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की क्या स्थिति है और युवती द्वारा लगाए गए आरोपों से संबंधित साक्ष्यों को किस तरह से जोड़ा जा सकता है।
यह भी पढ़ें : मेहनत रंग लाई: हिमाचल में दो सगे भाईयों ने एक साथ पहनी वर्दी, माता-पिता के खुशी से छलके आंसू
जीरो एफआईआर के जरिए मंडी में पहुंचा मामला
एसपी मंडी विनोद कुमार के अनुसार मामला मूल रूप से पुलिस थाना सिविल लाइंस, मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश से प्राप्त जीरो एफआईआर के माध्यम से पुलिस थाना सदर मंडी में दर्ज हुआ था। पुलिस मामले में नियमानुसार कार्रवाई कर रही है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई न्यायालय की प्रक्रिया तथा जांच के आधार पर होगी। आरोपों की अंतिम पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही होगी।
