चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिला से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है। पर्यटन नगरी डल्हौजी में एक 20 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक का शव चर्च बैलून मार्ग पर स्थित एक निजी होटल की निर्माणाधीन इमारत के पास मिला। प्रारंभिक जांच में युवक के पांच मंजिला निर्माणाधीन भवन से गिरने की बात सामने आ रही है। इस दर्दनाक हादसे ने एक परिवार से उसका जवान बेटा छीन लिया और हंसता-खेलता परिवार पलभर में मातम में बदल गया।
निर्माणाधीन होटल के नीचे पड़ा मिला युवक
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने देखा कि निजी होटल की निचली तरफ एक युवक मुंह के बल मृत अवस्था में पड़ा था। युवक के सिर पर गहरी चोट के निशान थे, जबकि शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चोटें पाई गईं। घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : 86 की उम्र में चुनाव लड़ेंगे मंत्री धनीराम शांडिल! क्या बेटे का पत्ता होगा साफ?
एसीपी शीट लगाने का करता था काम
मृतक की पहचान मनप्रीत सिंह (20) पुत्र रुल्दू सिंह के रूप में हुई है। वह पंजाब के बठिंडा जिले के गांव व डाकघर तियोना, थाना सदर का रहने वाला था। पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार मनप्रीत सिंह डल्हौजी स्थित निजी होटल में अपने चचेरे भाई रुपेंद्र सिंह के साथ एसीपी शीट लगाने का काम कर रहा था। इसी दौरान वह निर्माणाधीन पांच मंजिला इमारत से नीचे गिर गया। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसे लेकर पुलिस अलग-अलग पहलुओं से जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- विरोध प्रदर्शन का गजब स्टाइल : हिमाचल कांग्रेस ने भैंस के आगे बजाई बीन, बोले- ये मोदी सरकार
सिर पर लगी गंभीर चोट, मौके पर ही मौत
पुलिस के अनुसार युवक के सिर पर गहरी चोट आई थी। शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चोट के निशान मिले हैं। प्रथम दृष्टया मामला ऊंचाई से गिरने का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पुलिस ने मामले की सभी परिस्थितियों को जांच के दायरे में रखा है।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम डल्हौजी सिविल अस्पताल में करवाया गया। पुलिस घटनास्थल से जुड़े तथ्यों और प्रत्यक्ष रूप से उपलब्ध जानकारी को जुटा रही है, ताकि हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सके।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में मनकोटिया के CD कांड से आया था सियासी भूचाल, राजा वीरभद्र से छिन गई थी कुर्सी
पंजाब से डल्हौजी आया था मनप्रीत
मनप्रीत सिंह रोजी-रोटी कमाने के लिए अपने चचेरे भाई के साथ डल्हौजी आया था। परिवार को शायद अंदाजा भी नहीं था कि काम के सिलसिले में घर से निकला उनका 20 वर्षीय बेटा कभी वापस नहीं लौटेगा। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। जिस घर में बेटे के लौटने का इंतजार था, वहां अब उसकी मौत की खबर से दुख का माहौल है।
यह भी पढ़ें : CM सुक्खू की वजह से मंत्रिमंडल विस्तार में देरी! कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल का बड़ा खुलासा
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
एसपी विजय कुमार सकलानी ने घटना की पुष्टि की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और हादसे से जुड़े सभी पहलुओं को देखा जा रहा है। फिलहाल प्राथमिक जांच में निर्माणाधीन पांच मंजिला इमारत से गिरने के कारण युवक की मौत होने की बात सामने आई है।
