मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में सुबह-सवेरे हुए हत्याकांड ने पूरे हिमाचल को हिला कर दिया है। सरकाघाट क्षेत्र में कॉलेज जा रही एक 19 वर्षीय छात्रा की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है।
घर से 1 KM दूर हुआ मर्डर
मृतका की पहचान सिया गुलेरिया पुत्री जोगिंद्र कुमार के रूप में हुई है- जो कि नैण गांव, गोपालपुर सरकाघाट की रहने वाली थी। सिया रोज की तरह घर से कॉलेज के लिए निकली थी। घर से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर ही घात लगाए बैठे एक युवक ने उस पर अचानक हमला कर दिया।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार का वादा फेल : किसान ने सड़क पर बहाया 500 लीटर दूध, नहीं खरीद रहा था मिल्कफेड
हुड पहन आए थे बाइक सवार
बताया जा रहा है कि आरोपी युवक ने अपना चेहरा छिपाने के लिए हुड पहन रखा था। उसने पहले दराट से युवती की बाजू पर वार किया, जिससे वह सड़क पर गिर गई। इसके बाद आरोपी ने उसकी गर्दन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
हत्या कर मौके से फरार
वारदात इतनी निर्मम थी कि जिसने भी घटना के बारे में सुना, वह सन्न रह गया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए SP और ASP भी तुरंत सरकाघाट के लिए रवाना हो गए।
यह भी पढ़ें : हिमाचल ब्रेकिंग : 19 साल की कॉलेज छात्रा पर चला दी दराट, सिर-हाथ पर वार- नहीं बची जा*न
आरोपियों को ढूंढ रही पुलिस
पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में तलाशी अभियान तेज कर दिया है और आरोपी की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में कई पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
पूरे इलाके में फैली दहशत
इस जघन्य हत्या की घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग सहमे हुए हैं और आरोपित की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। वहीं पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत देने की अपील की है।
