कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में महिलाओं और युवतियों के लापता होने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। कई मामलों में युवतियां अपने घरों से अचानक गायब हो जाती हैं तो कई बार प्यार, दोस्ती या अन्य परिस्थितियों के चलते परिवार से दूर चली जाती हैं। लेकिन जब घर की लाडली बेटी अचानक लापता हो जाए और कई दिनों तक उसका कोई सुराग न मिले तो परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ता है।

 

ऐसा ही एक चिंताजनक मामला जिला कुल्लू के मनाली क्षेत्र से सामने आया है। यहां जगतसुख की रहने वाली 19 वर्षीय युवती अपनी सहेली के साथ घर से गई थी, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटी। बेटी का मोबाइल फोन बंद आने और उसकी सहेली की ओर से कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिलने पर परेशान मां आखिरकार पुलिस थाने पहुंच गई। मां ने बेटी के साथ किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस से उसे जल्द तलाशने की गुहार लगाई है।

सहेली के साथ गई थी गुंजन

मिली जानकारी के अनुसार जगतसुख निवासी हरि प्रिया पत्नी मुनीष ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी 19 वर्षीय बेटी गुंजन को 18 नवंबर को इशिका पुत्री जोग कुमार अपने साथ लेकर गई थी। इशिका वर्तमान में रामशिला क्षेत्र में रहती है। शिकायत के मुताबिक इशिका गुंजन को अपने घर ले गई थी और अगले दिन उसे वापस भेजने की बात कही थी। परिवार को भी यही उम्मीद थी कि बेटी एक दिन बाद घर लौट आएगी, लेकिन अगले दिन बीतने के बाद भी गुंजन वापस नहीं पहुंची। इसके बाद परिजनों की चिंता लगातार बढ़ने लगी।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: अग्निवीरों के लिए खुशखबरी, अब सेवा के दौरान भी बन सकेंगे दूल्हे; मोदी सरकार ने बदले नियम!

बेटी का फोन बंद, सहेली भी नहीं दे रही संतोषजनक जवाब

गुंजन के घर वापस नहीं लौटने पर मां ने उससे संपर्क करने की कई बार कोशिश की, लेकिन उसका मोबाइल फोन बंद आने लगा। शुरुआत में इशिका से फोन पर बात हुई थी और उसने गुंजन की भी मां से बात करवाई थी। इससे परिवार को कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन बाद में स्थिति और चिंताजनक हो गई। शिकायतकर्ता का आरोप है कि अब इशिका भी गुंजन के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे रही है। बेटी से संपर्क नहीं हो पाने और उसकी सहेली की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं मिलने के कारण मां की परेशानी बढ़ गई है।

 

यह भी पढ़ें : मिशन 2027: नूरपुर-फतेहपुर के भंवर में फंसे राकेश पठानिया, BJP हाईकमान की होगी अग्निपरीक्षा!

बेटी के साथ अनहोनी की आशंका, मां पहुंची पुलिस के पास

कई दिन बीत जाने के बाद भी बेटी का कोई सुराग नहीं मिलने पर मां ने पुलिस से मदद मांगी है। शिकायत में उसने आशंका जताई है कि गुंजन के लापता होने के मामले में इशिका की भूमिका हो सकती है। हालांकि, यह मां की ओर से जताई गई आशंका है और अभी तक जांच में किसी की संलिप्तता की पुष्टि नहीं हुई है। परिवार की एक ही मांग है कि उनकी बेटी को जल्द से जल्द तलाश कर सुरक्षित घर पहुंचाया जाए।

 

यह भी पढ़ें : HRTC बसों में बिना टिकट सफर किया तो मिलेगी सजा- लगेगा तगड़ा जुर्माना, जानें पूरी खबर

मनाली पुलिस ने दर्ज किया मामला

मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस थाना मनाली में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस युवती के लापता होने से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और उसका पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। युवती किन परिस्थितियों में घर से गई थी, वह फिलहाल कहां है और उसके लापता होने के पीछे क्या कारण हैं, इन सभी सवालों के जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने आ पाएंगे। फिलहाल परिवार अपनी बेटी की सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए बैठा है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें