सोलन। कम उम्र में बेटी की शादी कर देना और फिर दहेज की मांगों के बोझ तले उसका जीवन खत्म हो जाना-यह त्रासदी एक बार फिर समाज के सामने कड़वा सच बनकर खड़ी है। शादी के महज एक साल के भीतर ही 18 वर्षीय नवविवाहिता ने कथित दहेज प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर ली है।
नवविवाहिता ने की आत्महत्या
नवविवाहिता के इस खौफनाक कदम उठाने से उसका परिवार ही नहीं, पूरा क्षेत्र स्तब्ध है। मायके पक्ष ने मृतका के पति और ससुराल वालों पर गंभीर आरोप जड़े हैं। साथ ही पुलिस ने मामले में निष्पक्ष कार्रवाई करने की मांग कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार का खजाना खाली : केंद्र ने भी पैसा किया बंद, अब मंत्रियों-विधायकों की जेब से होगी भरपाई
एक साल पहले हुई थी शादी
मामला पंजाब के समाना शहर का है- जहां 18 वर्षीय नवविवाहिता ने आत्महत्या कर अपनी जीवनलीला समाप्त कर दी है। मृतका मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के नालागढ़ क्षेत्र की रहने वाली थी और उसकी शादी करीब एक वर्ष पहले हरियाणा के कैथल निवासी युवक के साथ हुई थी।
नानी के घर रहते थे दोनों
शादी के बाद युवक समाना में अपनी नानी के घर रह रहा था, जहां यह दर्दनाक घटना सामने आई। बताया जा रहा है कि युवती ने घर के अंदर फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : एक्शन मोड में वन विभाग, ज्वैलरी की दुकानों में पड़ी RAID- 6 दुकानदारों से मिले तेंदुए के...
दहेज के लिए तंग कर रहे थे ससुरालवाले
प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज किए। मृतका के परिवार वाले घटना की सूचना मिलते ही नालागढ़ से समाना पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को दहेज की मांग को लेकर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।
एक साल से कर रहे थे तंग
परिजनों का कहना है कि लड़की को अक्सर ताने दिए जाते थे और उसे घर में सम्मानपूर्वक रहने नहीं दिया जाता था। परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि युवती का पति उसके चरित्र पर शक करता था, जिससे वह गहरे मानसिक तनाव में थी। परिजनों के मुताबिक, कई बार समझाने के बावजूद ससुराल पक्ष का रवैया नहीं बदला और अंततः बेटी ने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में डॉक्टर के साथ हुआ बहुत गलत : तीन दिन अपने ही घर में बंधी बना रहा बेचारा- जानें पूरा मामला
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मृतका के पति, सास, ससुर सहित चार लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
कुप्रथा के खिलाफ सख्त कदम
इधर, स्थानीय लोगों में घटना को लेकर आक्रोश देखा जा रहा है। समाजसेवी संगठनों ने भी मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है और दहेज प्रथा जैसी कुप्रथाओं के खिलाफ सख्त कदम उठाने की आवश्यकता पर जोर दिया है।
यह भी पढ़ें : मंडी शिवरात्रि से दूरी बना कर बैठे पांच देवी-देवता : 500 साल से चल रही नाराजगी, नहीं हो रही खत्म
मायके पक्ष को न्याय की उम्मीद
पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जांच पूरी पारदर्शिता से की जाएगी और यदि आरोप सही पाए गए तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, मृतका के मायके पक्ष का कहना है कि उन्हें न्याय मिलने तक वे पीछे नहीं हटेंगे।
