मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। सुंदरनगर में पढ़ाई कर रहे 16 वर्षीय छात्र की मौत से परिवार में मातम पसर गया। परिवार ने बड़े अरमानों के साथ बेटे को पढ़ाई के लिए सुंदरनगर भेजा था, लेकिन उन्हें क्या पता था कि जिस बेटे के बेहतर भविष्य के सपने संजोकर उसे घर से विदा किया था, उसकी मौत की खबर उन्हें मिलेगी।
मृतक छात्र की पहचान अनुज मेहरा के रूप में हुई है। वह शिमला जिले के चिड़गांव क्षेत्र का रहने वाला था और सुंदरनगर पॉलीटेक्नीक कॉलेज में सिविल इंजीनियरिंग के द्वितीय वर्ष में पढ़ रहा था।
पीजी में मिला छात्र, अस्पताल पहुंचाने पर मृत घोषित
बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह पीजी में अनुज के साथ रहने वाले छात्रों ने उसके कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन काफी देर तक कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद पीजी प्रबंधन को सूचना दी गई। कमरे में छात्र की हालत देखकर तुरंत उसे अस्पताल ले जाया गया। अनुज को पहले सिविल अस्पताल सुंदरनगर पहुंचाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कॉलेज नेरचौक रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें- हिमाचल की बिटिया ने बढ़ाया मान- सेना में मेजर बनीं आंचल, वर्दी पर सितारे देख मां-बाप भावुक
बेटे की मौत से परिवार सदमे में
अनुज की अचानक मौत की खबर जैसे ही उसके परिवार तक पहुंची, वहां कोहराम मच गया। जिस बेटे को परिवार ने बेहतर शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य की उम्मीद के साथ घर से दूर भेजा था, उसकी मौत की खबर ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। अनुज जय प्रकाश का पुत्र था और लरोट, तहसील चिड़गांव, जिला शिमला का रहने वाला था।
यह भी पढ़ें : सीएम सुक्खू किशाऊ बांध पर कल करेंगे MOU साइन, हिमाचल को होगी सालाना 600 करोड़ की कमाई
मौत के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
छात्र की मौत के पीछे क्या कारण रहे, फिलहाल इसका पता नहीं चल पाया है। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है। ऐसे में पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। एसपी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है। 16 साल की उम्र में बेटे की मौत ने परिवार के उन तमाम सपनों को अचानक तोड़ दिया, जिन्हें लेकर अनुज को पढ़ाई के लिए घर से दूर भेजा गया था। पुलिस जांच के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।
