हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिला में एक कथित अपहरण प्रयास की घटना ने लोगों को चिंता में डाल दिया है। मामला उपमंडल बड़सर के ढटवाल क्षेत्र का है, जहां 15 वर्षीय किशोर को जबरन स्कूटी पर बैठाकर ले जाने की कोशिश किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
15 वर्षीय किशोर की किडनैपिंग
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है। गनीमत यह रही कि किशोर की सूझबूझ, साहस और एक स्थानीय महिला की सतर्कता के चलते बड़ा हादसा टल गया। बच्चे के जोर-जोर से चिल्लाने और महिला द्वारा शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।
यह भी पढ़ें- HRTC बस को पास आता देख घबराया युवक : गहरी खाई में समाई कार- मां की मौ.त
बाजार गया था लड़का
जानकारी के अनुसार बिहडू निवासी ललित कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका 15 वर्षीय बेटा पीयूष बुधवार शाम करीब 6:20 बजे दवाई लेने के लिए बिहडू बाजार गया था। बाजार से लौटते समय सुनसान रास्ते में स्कूटी पर सवार दो अज्ञात युवक उसके पास पहुंचे।
स्कूटी पर आए दो युवक
पीयूष के अनुसार, दोनों युवकों ने अचानक उसे पकड़कर जबरन स्कूटी पर बैठाने का प्रयास किया। बदमाशों की इस हरकत से किशोर घबरा गया, लेकिन उसने हिम्मत नहीं हारी और जोर-जोर से मदद के लिए चिल्लाने लगा। उसी दौरान पीछे से आ रही एक स्थानीय महिला की नजर इस घटना पर पड़ गई।
यह भी पढ़ें- हिमाचल BJP में बगावत का विस्फोट- कांग्रेस छोड़कर आए नेता को दी टिकट, विधायक पर उठे सवाल
परिजनों के उड़े होश
महिला ने तुरंत शोर मचाना शुरू कर दिया, जिससे आरोपी घबरा गए और बच्चे को छोड़कर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद डरा-सहमा पीयूष किसी तरह घर पहुंचा और परिजनों को पूरी आपबीती सुनाई। यह सुनते ही परिवार के होश उड़ गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली
मामले को गंभीरता से लेते हुए परिजनों ने अपने स्तर पर भी आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। जांच के दौरान एक काली स्कूटी पर सवार दो संदिग्ध युवक बिझड़ी बाजार की ओर जाते हुए दिखाई दिए। जब पीयूष को फुटेज में नजर आ रहे लोगों की तस्वीरें दिखाई गईं तो उसने तुरंत पहचान कर बताया कि यही वे लोग थे जिन्होंने उसे जबरन पकड़ने की कोशिश की थी।
यह भी पढ़ें- हिमाचल नगर निकाय चुनाव का काउंटडाउन शुरू : कल थमेगा प्रचार का शोर; ड्राई-डे घोषित
नंबर प्लेट की नहीं हुई पहचान
हालांकि, CCTV फुटेज में स्कूटी का नंबर स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं दे रहा है, जिसके चलते पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने में कुछ कठिनाई आ रही है। इसके बावजूद पुलिस टीम संदिग्धों की पहचान करने और स्कूटी नंबर ट्रेस करने में जुटी हुई है।
बच्चे के पिता ने की शिकायत
बिझड़ी पुलिस चौकी के ASI मनोज कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि बच्चे के पिता की शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के अन्य CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश जारी है।
यह भी पढ़ें- PM मोदी की अपील के बाद सोने की खरीद कम- हिमाचल के कारोबारी बोले-बढ़ सकती है मंदी
भय और चिंता का माहौल
घटना के बाद क्षेत्र में भय और चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से मांग की है कि इलाके में गश्त बढ़ाई जाए और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाए। वहीं अभिभावकों ने भी बच्चों को अकेले सुनसान रास्तों से न भेजने और सतर्क रहने की अपील की है।
