ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के संतोषगढ़ नगर परिषद क्षेत्र से जल शक्ति विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक परिवार को उस पानी के कनेक्शन का 8,321 रुपये का बिल भेज दिया गया, जो उनके घर में आज तक लगाया ही नहीं गया। इस घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और लोग विभागीय लापरवाही पर सवाल उठा रहे हैं।

वर्ष 2020-21 में किया था कनेक्शन के लिए आवेदन

जानकारी के अनुसार, संतोषगढ़ निवासी बलदेव सिंह ने वर्ष 2020-21 के दौरान अपने घर के निर्माण के समय पानी का कनेक्शन लगाने के लिए जल शक्ति विभाग में आवेदन किया था। परिवार को उम्मीद थी कि जल्द ही घर में पेयजल कनेक्शन मिल जाएगा, लेकिन हैरानी की बात यह है कि करीब छह साल बीत जाने के बाद भी उनके घर में नल कनेक्शन नहीं लगाया गया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : सीढ़ियां उतरते गिरे प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष, थमी सांसें- परिजनों ने जताया संदेह

 

परिवार का कहना है कि, उन्होंने कनेक्शन के लिए आवश्यक सभी दस्तावेज और औपचारिकताएं विभाग के पास जमा करवाई थीं। इसके बावजूद आज तक विभाग की ओर से उनके घर तक पानी की आपूर्ति नहीं पहुंच पाई।

बिल देख परिवार हुआ हैरान

इस बीच कई बार उन्होंने विभागीय कार्यालय के चक्कर भी लगाए और कर्मचारियों से संपर्क किया, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। मामला तब और चौंकाने वाला बन गया जब 14 मार्च 2026 को विभाग की ओर से उनके घर 8,321 रुपये का पानी का बिल भेज दिया गया।

 

यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार नए बजट को लेकर तैयार, आज CM देंगे फाइनल टच- जानें क्या होगा खास ?

 

बिल देखकर परिवार हैरान रह गया। बलदेव सिंह की पत्नी सुरजीत कौर ने कहा कि जिस घर में आज तक नल ही नहीं लगा, वहां पानी के उपयोग का बिल भेजना समझ से परे है। उनका कहना है कि परिवार पहले से ही आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहा है और ऐसे में अचानक इतना बड़ा बिल आना उनके लिए बड़ी समस्या बन गया है।

स्थानीय लोगों ने भी विभाग से जवाब मांगा

स्थानीय लोगों ने भी इस मामले को गंभीर बताते हुए विभाग से जवाब मांगा है। लोगों का कहना है कि जब किसी घर में कनेक्शन ही नहीं लगाया गया तो पानी का बिल भेजना पूरी तरह से गलत है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में आफत का मौसम: ओलावृष्टि से बागवानों की फसल तबाह, 6 दिन नहीं मिलेगी राहत

 

उनका आरोप है कि इस तरह की घटनाएं सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती हैं और आम जनता के साथ हो रही लापरवाही को उजागर करती हैं। मामले के सामने आने के बाद क्षेत्र में यह घटना चर्चा का विषय बन गई है। लोग इसे सिस्टम की खामियों और विभागीय लापरवाही का उदाहरण बता रहे हैं।

यह बोले विभाग के अधिकारी

उधर, इस संबंध में जल शक्ति विभाग के एसडीओ यशवंत सिंह ने कहा कि पीड़ित उपभोक्ता को आज यानी सोमवार को संतोषगढ़ बिलिंग कार्यालय में बुलाया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की जांच कर उचित समाधान किया जाएगा और यदि बिल गलत तरीके से जारी हुआ है तो उसे ठीक किया जाएगा।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें