मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के जोगिंद्रनगर उपमंडल से एक बेहद खतरनाक घटना सामने आई है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में एक स्कूली बच्चा चलती बस के पीछे लगी सीढ़ी से लटककर सफर करता दिखाई दे रहा है। इस वीडियो ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है और सार्वजनिक परिवहन में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सीढ़ी पकड़कर यात्रा करता नजर आया बच्चा
जानकारी के अनुसार, यह घटना जोगिंद्रनगर क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां HRTC के जोगिंद्रनगर डिपो की एक बस के पीछे बच्चा सीढ़ी पकड़कर यात्रा करता नजर आया। बताया जा रहा है कि बच्चा स्कूल पहुंचने की जल्दी में इस तरह का जोखिम भरा कदम उठा बैठा।
यह भी पढ़ें : स्कूल बस ने बच्ची को कुचला, ड्राइवर के पास नहीं मिला लाइसेंस और गाड़ी के पेपर, FIR दर्ज
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में साफ दिखाई देता है कि बस पहाड़ी रास्तों से गुजर रही है और सड़क पर कई तीखे मोड़ हैं। बच्चा बस की पिछली खुली सीढ़ी पर बैठा हुआ है और उसके पास कोई सुरक्षित जगह या पकड़ने के लिए मजबूत सहारा नहीं है। ऐसे में अगर जरा सा भी संतुलन बिगड़ता या बस को अचानक झटका लगता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं
बताया जा रहा है कि यह वीडियो उसी रूट से गुजर रहे एक बाइक राइडर ने रिकॉर्ड किया और बाद में इसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर साझा कर दिया। वीडियो सामने आते ही यह तेजी से वायरल हो गया और लोगों में चिंता का माहौल बन गया। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। कई यूजर्स ने इसे बेहद लापरवाही भरा मामला बताते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में लीगल होगी भांग की खेती- अगली कैबिनेट में लगेगी मोहर, जानें क्या है पूरा प्लान
लोगों का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा के साथ इस तरह का खिलवाड़ बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। कुछ लोगों ने हिमाचल सरकार से इस घटना की जांच कराने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने की भी मांग की है। कई यूजर्स ने प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री से भी इस मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की है।
ड्राइवर और कंडक्टर से पूछताछ
इस मामले में जोगिंद्रनगर बस अड्डा प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि उन्हें वायरल वीडियो की जानकारी मिल चुकी है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि यह बस जोगिंद्रनगर-गलमाठा-पद्धर रूट पर चलती है।
यह भी पढ़ें : खिड़की से छलांग लगा मासूम को लेकर फरार हुई महिला, 4 दिनों से तलाश में भटक रहा पति
उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित बस के ड्राइवर और कंडक्टर से पूछताछ की गई है और विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि यदि जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल वर्कशॉप में है बस
अड्डा प्रभारी के अनुसार, जिस बस का वीडियो वायरल हुआ है वह पिछले लगभग पांच दिनों से इस रूट पर नहीं चल रही है। फिलहाल बस वर्कशॉप में है, जहां उस पर मरम्मत और अन्य तकनीकी कार्य किया जा रहा है।
