सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में पंचायत चुनाव के दौरान बड़ी प्रशासनिक लापरवाही सामने आई है। पच्छाद उपमंडल की बनाहा धीनी पंचायत में पोलिंग पार्टी की गलती के कारण चुनाव परिणाम अटक गया।

हिमाचल पंचायत चुनाव में बड़ी लापरवाही

दरअसल, पोलिंग पार्टी ने प्रधान और उपप्रधान के मतपेटियां जिला परिषद तथा BDC चुनाव की मतपेटियों के साथ बदल दी- जिससे देर रात तक चुनाव परिणाम घोषित नहीं हो सके।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में गजब चुनाव : पिता को मिले सिर्फ 5 वोट, बेटा बन गया पंचायत प्रधान

नहीं घोषित हुआ परिणाम

जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब सात बजे से पंचायत में मतगणना प्रक्रिया चल रही थी। मगर रात दस बजे तक भी कोई परिणाम घोषित नहीं किया गया। इस पर प्रत्याशियों और उनके समर्थकों ने अधिकारियों से देरी का कारण पूछा।

प्रधान-उप्रधान के बॉक्स बदले

पोलिंग पार्टी के कर्मचारियों ने स्वीकार किया कि प्रधान और उपप्रधान के बॉक्स गलती से जिला परिषद और BDC के बॉक्स के साथ बदल गए हैं। बताया जा रहा है कि जिला परिषद और BDC की मतपेटियां सराहां स्थित स्ट्रांग रूम में जमा करवाई जा चुकी थीं। मगर उन्हीं के साथ प्रधान और उपप्रधान की मतपेटियां भी गलती से भेज दी गईं। वहीं जिला परिषद और बीडीसी के बॉक्स पंचायत कार्यालय में पहुंच गए।

यह भी पढ़ें- हिमाचल पंचायत चुनाव : हार नहीं सह पाए समर्थक, कमरे में बंद कर दी पोलिंग पार्टी- हुआ हंगामा

ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

घटना का पता चलते ही पंचायत क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। नाराज लोगों ने जिला प्रशासन और राज्य निर्वाचन आयोग के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी और पंचायत कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया। देर रात तक माहौल तनावपूर्ण बना रहा।

मांगों पर अड़े रहे प्रदर्शनकारी

करीब दस बजे तहसीलदार पच्छाद मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत करने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे। इसके बाद रात करीब 11 बजे SDM पच्छाद डॉ. प्रियंका चंद्रा मौके पर पहुंचीं।

यह भी पढ़ें- हिमाचल पंचायत चुनाव में सगे भाई-बहन की बड़ी जीत : एक बना प्रधान, दूसरा उपप्रधान

मतपेटियों को सील करवा दिया

उन्होंने पंचायत चुनाव से संबंधित सभी मतपेटियों को सील करवा दिया और पूरे मामले की जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी एवं DC प्रियंका वर्मा को दी। प्रशासन ने पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट राज्य निर्वाचन आयोग को भेज दी है। अब आयोग के निर्देश मिलने के बाद ही बनाहा धीनी पंचायत के चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।

मतपेटियां बदलने की सूचना

SDM पच्छाद डॉ. प्रियंका चंद्रा ने बताया कि मतपेटियों के बदलने की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचकर सभी बॉक्स को सील कर दिया गया है। मामले की जानकारी जिला प्रशासन और राज्य निर्वाचन आयोग को दे दी गई है तथा आगामी दिशा-निर्देशों के अनुसार ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें