मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में HRTC बस की एक महिला कंडक्टर के साथ पूर्व सैनिकों की बहसबाजी का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि किराया/नियम के तहत बस पास मांगने पर विवाद इतना बढ़ गया कि मामला पुलिस तक पहुंच गया।
HRTC बस की महिला कंडक्टर से भिड़े पूर्व सैनिक
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अब इस पूरे घटनाक्रम ने तूल पकड़ लिया है और कार्रवाई की मांग उठने लगी है। यह वीडियो मंडी- पैड़ी रूट पर चलने वाली HRTC बस का है- जिसमें कुछ पूर्व सैनिक निशुल्क यात्रा को लेकर कंडक्टर के साथ तीखी नोकझोंक करते नजर आ रहे हैं।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में सड़क पार कर रहा था शख्स : तेज रफ्तार बाइक ने रौंदा, मौके से फरार हुआ युवक
अपशब्दों का किया इस्तेमाल
वीडियो में महिला कंडक्टर मीनू उर्फ देवकी शर्मा के साथ बहस के दौरान अपशब्दों का भी इस्तेमाल किया गया। इस घटना से आहत कंडक्टर ने हिमाचल प्रदेश पुलिस के तहत सदर थाना में शिकायत दर्ज कर एफआईआर की मांग की है।
ड्यूटी कर रही थी कंडक्टर
मीनू शर्मा ने मीडिया से बातचीत में स्पष्ट किया कि वह पूर्व सैनिकों का सम्मान करती हैं, लेकिन उस समय वह अपनी ड्यूटी निभा रही थीं। उन्होंने बताया कि सरकार के निर्देशों के अनुसार, निशुल्क यात्रा के लिए “हिम बस पास” दिखाना अनिवार्य है, जिसे मांगने पर विवाद शुरू हुआ।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : घर लौट रहे दो भाइयों को महिला कार चालक ने कुचला- एक की मौ*त, दूसरा घायल
हाथ भी उठा सकते थे फौजी
उनका कहना है कि अगर उनकी जगह कोई पुरुष कंडक्टर होता, तो स्थिति और बिगड़ सकती थी। ये लोग हाथ भी उठा सकते थे। महिला कंडक्टर ने पूर्व सैनिकों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
हिम बस पास अनिवार्य...
वहीं, HRTC कंडक्टर यूनियन के उपप्रधान नवीन ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार के नियमों के अनुसार जिन भी वर्गों को निशुल्क यात्रा की सुविधा दी गई है। उनके लिए “हिम बस पास” अनिवार्य किया गया है। इसी के आधार पर यात्रा की अनुमति दी जाती है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : देव अनुष्ठान में देवलुओं ने चलाई गो.ली- 26 वर्षीय महिला को जा लगी, नहीं बच पाई
बस सेवा बंद कर होगा विरोध प्रदर्शन
यूनियन के मीडिया प्रभारी ललित राजपूत ने इस घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि ड्यूटी कर रहे कर्मचारियों के साथ इस तरह का व्यवहार अस्वीकार्य है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर एक हफ्ते में कार्रवाई नहीं हुई, तो मंडी-पैड़ी रूट पर बस सेवा बंद कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
कंडक्टर से की मारपीट
गौरतलब है कि हाल ही में जोगिंद्रनगर में भी कंडक्टर के साथ मारपीट का मामला सामने आया था। इस मामले में पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने परिवहन कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं।
