#हादसा
April 27, 2026
हिमाचल : घर लौट रहे दो भाइयों को महिला कार चालक ने कुचला- एक की मौ*त, दूसरा घायल
महिला कार चालक के खिलाफ मामला हुआ दर्ज
शेयर करें:

सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। कालाअंब-पांवटा साहिब NH-07 पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से परिवार के एक बेटे की मौत हो गई। जबकि, दूसरा गंभीर रूप से घायल हुआ है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरा परिवार गहरे सदमे में है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। मामले में माजरा पुलिस थाना में महिला चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस को दी शिकायत में 26 वर्षीय पुष्पेन्द्र ने बताया कि वह अपने चचेरे भाई वंश के साथ धौलाकुआं से घर लौट रहा था। जैसे ही वे सड़क पर आगे बढ़ रहे थे, पीछे से पांवटा साहिब की ओर से तेज गति से आ रही कार HP17-H8343 ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी।
बताया जा रहा है कि कार एक महिला चला रही थी और हादसा तेज रफ्तार व लापरवाही के चलते हुआ। टक्कर के बाद दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन तुरंत उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे।
पुष्पेन्द्र को इलाज के लिए नाहन अस्पताल ले जाया गया, जबकि वंश को सिविल अस्पताल पांवटा साहिब में भर्ती कराया गया। हालत नाजुक होने पर वंश को बड़े अस्पताल के लिए रेफर किया गया, लेकिन देहरादून ले जाते समय उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
घटना के बाद पुलिस ने महिला चालक के खिलाफ तेज रफ्तार, लापरवाही और गलत दिशा में वाहन चलाने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मामले की पुष्टि करते हुए SP सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने बताया कि हादसे में एक युवक की मौत हुई है, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हुआ है। उन्होंने कहा कि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा- उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।