शिमला। हिमाचल प्रदेश की महत्वाकांक्षी हिमकेयर स्वास्थ्य योजना में बड़े वित्तीय घोटाले के संकेत मिले हैं। प्रारंभिक जांच में 110 करोड़ रुपये की अनियमितताओं की आशंका जताई गई थी। मगर अब दस्तावेजों की गहन पड़ताल में करीब 150 करोड़ रुपये के संदिग्ध भुगतान के संकेत सामने आए हैं। इसके बाद राज्य विजिलेंस ने जांच का दायरा और बढ़ा दिया है।

71 निजी अस्पताल जांच के घेरे में

सूत्रों के अनुसार, हिमकेयर योजना से जुड़े प्रदेश के 71 निजी अस्पताल विजिलेंस की जांच के दायरे में हैं। इन अस्पतालों में मरीजों के इलाज, बिलिंग, क्लेम और भुगतान से जुड़े रिकॉर्ड की बारीकी से जांच की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि कहीं फर्जी दस्तावेजों और नियमों के उल्लंघन के जरिए सरकारी धन का दुरुपयोग तो नहीं हुआ।

यह भी पढ़ें- HRTC बस में 19 साल के लड़के से मिला ढेर सारा चिट्टा, पुलिस ने डाला सलाखों के पीछे

फर्जी मरीज और संदिग्ध बिलिंग के संकेत

जांच के दौरान कई ऐसे मामले सामने आए हैं- जिनमें फर्जी मरीज दिखाकर क्लेम लेने, उपचार के नाम पर संदिग्ध बिल तैयार करने और नियमों के विपरीत भुगतान करने की आशंका जताई गई है। विजिलेंस इन सभी मामलों के दस्तावेजों की जांच कर रही है।

बिना मानक पूरे किए चल रहे थे अस्पताल

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि कुछ निजी अस्पताल निर्धारित स्वास्थ्य मानकों को पूरा किए बिना ही संचालित हो रहे थे। कुछ अस्पताल बेहद सीमित संसाधनों और कमरों में चल रहे थे, लेकिन हिमकेयर योजना के तहत इलाज के बड़े-बड़े दावे कर भुगतान हासिल किया गया। इन मामलों की भी अलग से जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें- विक्रमादित्य ने PM मोदी को दी नसीहत: बोले- शिक्षा मंत्री का लें इस्तीफा, फिर छात्रों से करें बात

जांच के बाद हो सकती है बड़ी कार्रवाई

सूत्रों के मुताबिक, जांच पूरी होने के बाद कई अस्पताल संचालकों और अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सकती है। यदि वित्तीय अनियमितताओं की पुष्टि होती है तो गिरफ्तारियां भी संभव हैं।

उठ रहे कई गंभीर सवाल

हिमकेयर योजना में सामने आए ये मामले स्वास्थ्य योजनाओं की पारदर्शिता और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं। विजिलेंस की जांच से अब पूरे मामले की सच्चाई सामने आने की उम्मीद है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें