#राजनीति
July 23, 2026
विक्रमादित्य ने PM मोदी को दी नसीहत: बोले- शिक्षा मंत्री का लें इस्तीफा, फिर छात्रों से करें बात
दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों की बात सुननी चाहिए- मंत्री विक्रमादित्य
शेयर करें:

शिमला। दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन और उसे लेकर जारी सियासी घमासान की गूंज अब हिमाचल प्रदेश तक पहुंच गई है। जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के समर्थन में हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नसीहत देते हुए कहा कि अगर वह अपनी राजनीतिक विरासत को और मजबूत करना चाहते हैं तो उन्हें युवाओं से सीधा संवाद करना चाहिए।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री को जंतर-मंतर और दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों की बात सुननी चाहिए। उनका कहना था कि लोकतंत्र में संवाद ही सबसे बड़ा समाधान है और युवाओं की भावनाओं को समझना समय की जरूरत है।
मंत्री विक्रमादित्य ने कहा कि आज भी देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू को 'चाचा नेहरू' के नाम से याद किया जाता है। यदि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी युवाओं का विश्वास जीतते हैं और उनकी समस्याओं का समाधान करते हैं तो भविष्य में उन्हें भी 'चाचा मोदी' के नाम से याद किया जा सकता है।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने छात्रों और युवाओं की आवाज को मजबूती से उठाया है। अब प्रधानमंत्री को भी उनकी मांगों को गंभीरता से सुनना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह टकराव का नहीं, बल्कि समाधान निकालने का समय है।
उन्होंने कहा कि देश के युवाओं का भविष्य सुरक्षित करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। विपक्ष की बात सुनकर ऐसा निर्णय लिया जाना चाहिए, जिससे छात्रों का भरोसा मजबूत हो और लोकतांत्रिक व्यवस्था पर उनका विश्वास बना रहे।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि जब-जब केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश और विशेष रूप से लोक निर्माण विभाग को सहयोग दिया, तब-तब उन्होंने उसकी खुलकर सराहना की। उनका कहना था कि उन्होंने हमेशा सही का समर्थन और गलत का विरोध किया है।