कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में बारिश से आई आपदा से सब हैरान परेशान हैं। शिमला हो या बिलासपुर, किन्नौर हो या लाहौल, हर जगह से तबाही की तस्वीरें सामने आ रही हैं। लगातार बादल फटने की खबरे सुनने को मिल रही हैं। लोगों की जान जा रही है, लोग बेघर हो रहे हैं। कुल मिलाकर ये तबाही किसी डरावने सपने से कम नहीं। इसी बीच अब कुल्लू से एक बुरी खबर आई है।
भूस्खलन की चपेट में 3 घर
कुल्लू जिले के आनी में पहाड़ से लैंडस्लाइड हुआ है। बीती रात से ही आनी में बारिश ने तबाही मचा रखी है। यहां की ग्राम पंचायत कराड के पटारना गांव में 3 मकान भूस्खलन की चपेट में आ गए हैं।
यह भी पढ़ें : SP के बाद अब विक्रमादित्य से सांसद कंगना का आमना-सामना, तंज कसकर दे डाली ये नसीहत
एक सुरक्षित, दो लोग लापता
भूस्खलन के चलते 3 लोग मलबे में दब गए थे। एक को घायल अवस्था में सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है जबकि दो लोग लापता बताए जा रहे हैं। गांव के लोगों ने परिवार के दूसरे सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है।
यह भी पढ़ें : माता हिडिंबा की चेतावनी : देवस्थलों से छेड़छाड़ करना बंद करो, वरना बहुत खतरनाक होगा अंजाम
घर के ऊपर हुआ लैंडस्लाइड
बता दें कि अचानक घर के ऊपर लैंडस्लाइड होने से ये घटना हुई। इस हादसे के दौरान शारदा देवी पत्नी जय सिंह और लीला देवी पत्नी कृष्ण लाल, निवासी लोअर पटारना मलबे में दब गईं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में लैंडस्लाइड से बिगड़े हालात, सेना ने संभाला जिम्मा- कई मरीजों को किया एयरलिफ्ट
स्कूल-कॉलेज किए गए बंद
इस हादसे के कारण NH-305 सहित कई अन्य सड़कें भी बाधित हो गई हैं। वहीं, भारी बारिश के चलते आनी में शुक्रवार को स्कूल कॉलेज बंद किए गए हैं। उपमंडल के छनोट नाले के सैलाब से पुनन खड्ड में एक स्विफ्ट कार बही है।
नेशनल हाईवे पड़ा है बंद
गाड़ी के बहने से जुड़ा एक वीडियो सामने आया है जिसमें व्यक्ति कहता है कि नाले में काफी पानी आ गया और ऐसे में आगे बाजार को खाली कर दिया जाए। गौरतलब है कि औट आनी रामपुर लुहरी को जोड़ने वाला नेशनल हाईवे भी बंद है।
