शिमला। हिमाचल प्रदेश पुलिस में ड्यूटी के दौरान लापरवाही और ऑनलाइन उपस्थिति को लेकर अब सख्ती शुरू हो गई है। पुलिस मुख्यालय की समीक्षा में कई अधिकारी और कर्मचारी 'हिम उपस्थिति' पोर्टल पर नियमित हाजिरी दर्ज नहीं करते पाए गए।
ऑन ड्यूटी मौज कर रहे पुलिसवालों पर एक्शन
इसके बाद DGP अशोक तिवारी ने सभी जिला व यूनिट प्रमुखों को सख्त निर्देश जारी करते हुए 25 जुलाई तक रिपोर्ट तलब की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि आदेशों की अनदेखी करने वाले कर्मचारियों के साथ-साथ निगरानी में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर भी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- विक्रमादित्य ने PM मोदी को दी नसीहत: बोले- शिक्षा मंत्री का लें इस्तीफा, फिर छात्रों से करें बात
DGP ने जारी किया सख्त फरमान
DGP अशोक तिवारी ने सभी जिला पुलिस अधीक्षकों, बटालियन कमांडेंटों और अन्य यूनिट प्रमुखों से 25 जुलाई तक विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। रिपोर्ट में यह स्पष्ट करना होगा कि उनके अधीन कार्यरत सभी अधिकारी और कर्मचारी पोर्टल पर पंजीकृत हैं या नहीं तथा वे नियमित रूप से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कर रहे हैं या नहीं।
अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई
DGP ने साफ शब्दों में कहा है कि अगर निर्धारित समय तक रिपोर्ट नहीं भेजी गई या आदेशों का पालन सुनिश्चित नहीं किया गया तो इसे गंभीर प्रशासनिक लापरवाही माना जाएगा। मामले में संबंधित अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू की जाएगी।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में HIM केयर घोटाला- 2 कमरे में चल रहे थे अस्पताल, 150 करोड़ का हिसाब गड़बड़
CM के निर्देशों के बाद लागू हुआ था सिस्टम
हिम उपस्थिति अटेंडेंस पोर्टल को CM सुखविंद्र सिंह सुक्खू के निर्देशों के बाद पूरे पुलिस विभाग में लागू किया गया था। इसका उद्देश्य पुलिस विभाग में पारदर्शिता बढ़ाना, कर्मचारियों की वास्तविक उपस्थिति सुनिश्चित करना और प्रशासनिक कार्यप्रणाली को अधिक जवाबदेह बनाना है।
ऑनलाइन हाजिरी करें दर्ज
पुलिस मुख्यालय ने पहले ही सभी कार्यालय प्रमुखों को निर्देश दिए थे कि उनके अधीन कार्यरत प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी का पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य रूप से कराया जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि सभी कर्मचारी प्रतिदिन अपनी उपस्थिति ऑनलाइन दर्ज करें।
IPS-HPS पर भी समान नियम लागू
पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि यह व्यवस्था केवल कर्मचारियों तक सीमित नहीं है। IPS, HPS सहित हिमाचल पुलिस के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए प्रत्येक कार्य दिवस पर हिम उपस्थिति पोर्टल पर उपस्थिति दर्ज करना अनिवार्य होगा। किसी भी स्तर पर छूट नहीं दी जाएगी। कार्यालयवार नामांकन और पंजीकरण की स्थिति संबंधित इकाइयों को सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दी गई है।
कार्यालय प्रमुख होंगे सीधे जिम्मेदार
DGP ने अपने आदेश में स्पष्ट किया है कि-
- हर कार्यालय प्रमुख की व्यक्तिगत जिम्मेदारी होगी कि उसके अधीन कार्यरत सभी अधिकारी और कर्मचारी पोर्टल पर पंजीकृत हों। साथ ही नियमित रूप से अपनी उपस्थिति दर्ज करें।
- अगर किसी कर्मचारी का पंजीकरण नहीं कराया जाता। वह नियमित उपस्थिति दर्ज नहीं करता या फिर जानबूझकर पोर्टल के उपयोग से बचता है या संबंधित अधिकारी इन आदेशों को लागू कराने में लापरवाही बरतता है- तो इसे गंभीर अनुशासनहीनता माना जाएगा।
- कार्रवाई केवल संबंधित कर्मचारी तक सीमित नहीं रहेगी। अगर किसी कार्यालय में वरिष्ठ अधिकारी अपने अधीनस्थ कर्मचारियों से नियमों का पालन नहीं करवा पाए या निगरानी में लापरवाही बरती गई, तो उनके खिलाफ भी सक्षम प्राधिकारी के समक्ष विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
