बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में आज यानी मंगलवार को नशे से जुड़े एक मामले में पुलिस को उस समय चुनौती का सामना करना पड़ा, जब हिरासत में लिया गया एक आरोपी कोर्ट ले जाते समय भाग निकला। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के लिए पुलिस टीम लेकर जा रही थी। इसी दौरान उसने सुरक्षा घेरे से निकलकर फरार हो गया।
सूचना मिलते ही शुरू हुआ सर्च ऑपरेशन
आरोपी के भागने की सूचना सीनियर अधिकारियों को दी गई जिसके बाद पुलिस टीम ने आसपास के इलाकों में तलाश शुरू कर दी। संभावित रास्तों और छिपने की जगहों पर निगरानी बढ़ाई गई।
यह भी पढ़ें : कागजों में ड्यूटी कहीं, कर्मचारी कहीं और- नहीं चलेगा डेपुटेशन का खेल, नए नियम लागू
पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए अतिरिक्त जवानों को भी अभियान में शामिल किया। तलाशी अभियान के दौरान आसपास के क्षेत्रों में आने-जाने वाले रास्तों और संदिग्ध स्थानों की जांच की गई। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ इलाके में घेराबंदी का प्रयास किया।
ड्रोन से भी रखी गई नजर
आरोपी की तलाश में पुलिस ने तकनीक का भी इस्तेमाल किया। संभावित छिपने वाले स्थानों और आसपास के क्षेत्र की निगरानी के लिए ड्रोन की मदद ली गई। ड्रोन के जरिए उन इलाकों पर नजर रखी गई, जहां आरोपी के छिपे होने की आशंका थी।
यह भी पढ़ें : रिटायर्ड अफसर को फर्जी पोर्टल पर दिखा करोड़ों का मुनाफा, फिर लगा 1.23 करोड़ का चूना
करीब तीन घंटे तक चले तलाशी अभियान के बाद पुलिस को आरोपी का सुराग मिल गया। संयुक्त प्रयासों के बाद उसे पकड़कर दोबारा हिरासत में ले लिया गया।
हिरासत से भागने की परिस्थितियों की जांच
आरोपी के दोबारा पकड़े जाने के बाद पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि वह सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देकर किस तरह भागने में सफल हुआ। घटना के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की भूमिका और सुरक्षा प्रबंधों की भी समीक्षा की जा सकती है।
यह भी पढ़ें : WHATSAPP मैसेज करने पर HRTC ने सस्पेंड किया कंडक्टर, 2 साल चला केस- वापस मिली नौकरी
फिलहाल पुलिस आरोपी से संबंधित नशे के मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। साथ ही हिरासत से फरार होने की कोशिश को लेकर भी नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
