हमीरपुर। वीरभूमि हिमाचल प्रदेश के युवाओं का जज्बा देश-दुनिया में अलग पहचान रखता है। सेना, अर्धसैनिक बलों और सुरक्षा एजेंसियों में हिमाचल के सैकड़ों जांबाज बड़े-बड़े पदों पर अपनी सेवाएं देकर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। कई वीरता पुरस्कार जीत चुके हिमाचल के बहादुर बेटे देश की सीमाओं और समुद्री सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। ऐसा ही एक और गौरवपूर्ण पल तब सामने आया, जब हमीरपुर जिले के एक सपूत को भारतीय तटरक्षक बल में उप महानिदेशक (Deputy Director General) जैसे अहम पद की जिम्मेदारी सौंपी गई।
हमीरपुर के बेटे ने बढ़ाया हिमाचल का मान
जिला हमीरपुर के बड़सर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बिझड़ी के गांव पंगा निवासी सुनील दत्त को भारतीय तटरक्षक बल में उप महानिदेशक के पद पर पदोन्नत किया गया है। यह उपलब्धि उन्हें 21 वर्षों की उत्कृष्ट, अनुशासित और समर्पित सेवा के बाद मिली है। उनकी पदोन्नति से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है और लोग इसे हिमाचल के लिए गर्व का क्षण बता रहे हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : रातभर परिवार करता रहा इंतजार, सुबह खाई में मिली कार; अंदर पड़ी थी पटवारी की देह
शिक्षक परिवार से निकलकर पहुंचे शीर्ष पद तक
सुनील दत्त का जन्म एक शिक्षक परिवार में हुआ। उनके माता-पिता ने शिक्षा और अनुशासन के संस्कार दिए, जिसने उन्हें जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उनकी प्रारंभिक शिक्षा सैनिक स्कूल सुजानपुर से हुई, जहां से उन्होंने देशसेवा का सपना संजोया। इसी सपने को साकार करते हुए उन्होंने वर्ष 2005 में भारतीय तटरक्षक बल में हेलीकॉप्टर पायलट के रूप में अपने करियर की शुरुआत की।
21 वर्षों तक निभाई समुद्री सुरक्षा की अहम जिम्मेदारी
अपने दो दशक से अधिक लंबे सेवा काल में सुनील दत्त ने कई चुनौतीपूर्ण अभियानों और महत्वपूर्ण मिशनों में भाग लिया। कठिन परिस्थितियों में भी उन्होंने साहस, नेतृत्व क्षमता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए देश की समुद्री सीमाओं की सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनकी कार्यशैली और समर्पण के चलते उन्हें संगठन के भीतर एक कुशल अधिकारी के रूप में पहचान मिली।
यह भी पढ़ें- हिमाचल पुलिस के ईमानदार सिपाही- अपराधियों पर कसते रहे शिकंजा, महकमे ने अवॉर्ड से नवाजा
वीरता पुरस्कार से भी हो चुके सम्मानित
देशसेवा के प्रति उनके समर्पण और बहादुरी को देखते हुए वर्ष 2024 में उन्हें भारतीय तटरक्षक वीरता पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। यह सम्मान उनके उत्कृष्ट कार्यों और चुनौतीपूर्ण अभियानों में निभाई गई अहम भूमिका का प्रमाण माना जाता है।
प्रदेशभर से मिल रही बधाइयां
सुनील दत्त की इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू, सांसद अनुराग ठाकुर, बड़सर के विधायक इंद्रदत्त लखनपाल तथा मंडल अध्यक्ष ढटवाल यशवीर पट्याल सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। सभी ने इसे हिमाचल प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल हाईकोर्ट का बड़ा फैसला : बुढ़ापे में सेवा नहीं की तो लौटानी पड़ेगी जमीन...
युवाओं के लिए प्रेरणा बने सुनील दत्त
सुनील दत्त की सफलता यह साबित करती है कि मेहनत, अनुशासन और देशसेवा का जज्बा किसी भी व्यक्ति को ऊंचाइयों तक पहुंचा सकता है। उनका सफर आज हिमाचल के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गया है। वीरभूमि हिमाचल का यह बेटा अब भारतीय तटरक्षक बल के शीर्ष नेतृत्व में शामिल होकर देश की समुद्री सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने की जिम्मेदारी निभाएगा।
